नोएडा।भूमि घोटाले के मामले में यशपाल तोमर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।जिला प्रशासन की ओर से भूमाफिया घोषित किए जाने के बाद अब मेरठ पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी यशपाल तोमर के खिलाफ कार्रवाई की है। मेरठ पुलिस की टीम ने शुक्रवार को दादरी के चिटहरा गांव पहुंचकर यशपाल तोमर की लगभग 100 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। टीम ने करीब 135 बीघे जमीन पर अपना बोर्ड लगा दिया है।
मेरठ एसपी विवेक यादव पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम के साथ दादरी के चिटहेरा गांव पहुंचे। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम ने भूमाफिया यशपाल तोमर की जमीन को चिन्हित किया और 135 बीघा जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई की। वहीं गौगमबुद्ध नगर जिला प्रशासन भी यशपाल पर जल्द कार्रवाई शुरू कर सकता है। हाल ही में यशपाल तोमर पर उत्तराखंड पुलिस ने भी कार्रवाई की थी।यशपाल तोमर वर्तमान में उत्तराखंड की जेल में बंद है।
आपको बता दें कि यशपाल तोमर पर मेरठ में भी संपत्ति का मुकदमा दर्ज है।यशपाल ने फर्जी तरीके से पट्टे की जमीन का आवंटन कर अरबों रुपए कमाए थे। इसे लेकर मेरठ में भी मामले की जांच चल रही है। इससे पहले यशपाल को नोएडा, गाजियाबाद सहित अन्य कई स्थानों से भूमाफिया घोषित किया जा चुका है। यशपाल लंबे समय से पट्टेदारों की जमीन को जबरन लेकर भू-दस्तावेज में हेराफेरी कर रकबा बढ़ाकर मुआवजा उठाया था। इस मामले में पीड़ित लंबे समय से कार्रवाई की मांग करते रहे थे।
इस मामले की जांच एडीएम वित्त वंदिता श्रीवास्तव कर रही हैं। जांच रिपोर्ट देने के बाद यशपाल तोमर को गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने भी भूमाफिया घोषित कर दिया है। हालांकि अभी प्रशासन ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।





