चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में धनतेरस से दूज तक दीपदान उत्सव मनाया जाता है।दीपावली के दूसरे दिन गधा-मेला लगता है।गधों की बिक्री के लिए चार राज्यों से व्यापारी आते हैं।बोलियां लगाकर खच्चर बेचे जाते हैं। 30 रुपए प्रति खूंटा जानवर के बांधने के लिए लिया जाता है। दिवाली के दूसरे दिन चित्रकूट में एक अलग रौनक है। मंदाकिनी नदी के किनारे गधा मेले में सलमान, शाहरुख, रणबीर और ऋतिक फिल्मी स्टार के नाम वाले गधे बिकने आए हैं।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मुन्नालाल त्रिपाठी ने बताया कि हर साल मंदाकिनी किनारे लगने वाले इस खास मेले में पांच हजार गधे इकट्ठा होते हैं। उन्होंने बताया कि यहां जिनती भीड़ इनके खरीददारों की होती है, उससे दोगुना लोग इन्हें देखने आते हैं। मेले की व्यवस्था का जिम्मा नगर पंचायत उठाती है।मेला एमपी-यूपी बॉर्डर पर लगता है। इसका फायदा दोनों राज्यों को मिलता है। मंदाकिनी पुल से बाईं तरफ मैदान पर मेला लगता है।
300 साल पहले औरंगजेब शासनकाल से चली आ रही परंपरा बिहार के पशु व्यापारी मुश्ताक अहमद बताते हैं कि 15 साल से मेले में जानवरों को बेचते रहे हैं। औरंगजेब ने इसी मेले से अपनी सेना के बेड़े में गधों और खच्चरों को शामिल किया था। मुश्ताक मेले में आठ पशुओं को लेकर आए हैं। इनमें सबसे महंगा गधा सलमान है, जिसकी कीमत 1.5 लाख है।
व्यापारी चुन वाद बहादुर ने बताया कि अच्छी नस्ल और बढ़िया कद-काठी वाले खच्चर का नाम सलमान रखा गया है। ज्यादा भार ढोने वाले गधों को ऋतिक और रणबीर का नाम दिया जाता है। फुर्तिलें खच्चरों को शाहरुख के नाम से बुलाया जाता है। इस बार तीन दिन में दो करोड़ के गधे बिकने की संभावना है।
आपको बता दें कि मंदाकिनी तट पर हर वर्ष लगने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के पशु व्यापारी शामिल होते हैं।मेले में जानवरों के खरीददार देशभर से आते हैं। यहां गधों की पहचान फिल्मी कलाकारों के नाम से होती है। मेले में आने वाले व्यापारियों का मानना है कि बॉलीवुड कलाकारों का नाम देने से गधों की बिक्री बढ़ जाती है।
जानें गधों का रेट
सलमान 1 से 2 लाख रुपए
शाहरुख 90 हजार रुपए
ऋतिक 70 हजार रुपए
रणबीर 40 हजार रुपए
राजकुमार 30 हजार रुपए





