प्रतिनिधि,सिंदरी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक आशीष सिंह ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद सह भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी से सरदार पटेल मार्ग/नॉर्थ एवेन्यू दिल्ली में उनसे औपचारिक मुलाकात किया। पूर्व-मध्य रेलवे के धनबाद डिवीजन के अंतर्गत कोयला और राख संभालने वाले ग्रुप डी श्रेणी के 70 से अधिक बेरोजगार श्रमिकों के पुनः रेलवे में नियमितीकरण के मुद्दे को लेकर आशीष सांसद मनोज तिवारी से चर्चा करने पहुंचे थे, ताकि सांसद के माध्यम से 1992 में निर्धारित तिथि से पहले काम से बैठाए गए 70 से अधिक श्रमिकों को और 2 वर्ष रेलवे में काम करने का मार्ग प्रशस्त हो सके।





आपको बता दें की ईस्ट सेंट्रल रेलवे धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत 70 से अधिक ठेका मजदूरों को वर्ष 1984 से 1994 तक अनुबंध के आधार पर धनबाद लोको शेड में कोयला और राख संभालने के काम पर रखा गया था।अचानक कोयला और स्टीम इंजन बंद होने के बाद इन्हें निर्धारित तिथि से पहले ही बैठा दिया गया था। इन मजदूरों की वर्तमान आर्थिक दशा अत्यंत दयनीय हो गई है और यह लोग आज भी रेलवे से उम्मीद रखते हैं।पूर्व की सरकारों में रहे रेल मंत्रियों से भी इन श्रमिकों ने अन्य सांसदों के माध्यम से प्रयास किया था, परंतु अब तक कोई निर्णय नहीं होने की वजह से यह लोग परेशान हैं। समाचार पत्र में प्रकाशित राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम में आशीष सिंह की प्रतिभागिता का समाचार पढ़कर मजदूरों ने आशीष से संपर्क किया और इस मुद्दे पर उनके लिए प्रयास करने का अनुरोध किया था। उन्हीं मजदूरों के समस्या के निराकरण के प्रयास में आशीष एमपी से मिलने पहुंचे थे। सांसद मनोज तिवारी ने आशीष को आश्वासन देते हुए कहा है कि इस मामले पर रेल मंत्री से बात करूंगा।