प्रतिनिधि,लोहरदगा। झालसा रांची के तत्वाधान में तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा राजेंद्र बहादुर पाल के निर्देशन में दिनांक 29 मई से 14 जून तक चलाए जा रहे मन का मिलन पखवाड़ा के अंतर्गत दिनांक 8 एवं 9 जून को कुल 3 केसों का निष्पादन किया गया।दिनांक 8 जून 2023 को मन का मिलन पखवाड़ा के अंतर्गत एक सिविल वाद का निष्पादन किया गया,जिसमें वादी प्रथम पक्ष सालू उरांव एवं दूसरे पक्ष हकीमुद्दीन अंसारी के बीच मध्यस्थ के माध्यम से आपसी सहमति बनाकर विवाद का निपटारा किया गया।
शुक्रवार 9 जून को भी दो क्रिमिनल केस का निष्पादन किया गया, जिसमें सेनहा थाना कांड संख्या 92/22 जो बिजली विवाद को लेकर हुए मारपीट से संबंधित था।निष्पादन रुखसार बीवी एवं गुलाम अंसारी के बीच आपसी समझौता कर किया गया,जिसके फलस्वरूप सेनहा थाना कांड संख्या 67/2020 का भी न्यायालय स्तर पर सुलह के आधार पर निस्तारित करने का निर्णय लिया गया।
उपरोक्त तथ्यों की जानकारी देते हुए डालसा सचिव राजेश कुमार ने बताया कि उपर्युक्त तीनों केस सिविल जज सह अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी श्रीराज कल्याण के कोर्ट से संबंधित हैं।डालसा सचिव ने यह भी जानकारी दिया कि मन का मिलन पखवाड़े के अंतर्गत सिविल कोर्ट परिसर में एक स्थाई बेंच का गठन किया गया है,जिसमें अब तक 500 से ज्यादा लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा है एवं मन का मिलन पखवाड़े तथा विधिक सेवा प्राधिकार के बारे में जानकारी ली है,जिसका विस्तृत विवरण प्रतिनियुक्त पीएलवी मन का मिलन पखवाड़े संबंधित रजिस्टर में संकलित करते हैं ।





