रांची।मनी लाउंड्रिंग केस में गिरफ्तार कारोबारी अमित अग्रवाल को राजधानी रांची के रिम्स लाया गया है।बताया जाता है कि अमित अग्रवाल ने जेल में पेट दर्द की शिकायत की थी।जानकारी के मुताबिक अमित अग्रवाल लंबे समय से कब्ज की समस्या से पीड़ित हैं।जनहित याचिका मैनेज करने के एक मामले में ईडी ने 7 अक्टूबर को कोलकाता के कारोबारी अमित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था।बाद में अमित अग्रवाल को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव कुमार भी आरोपी हैं।





7 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए थे अमित अग्रवाल





आपको बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कारोबारी अमित अग्रवाल के खिलाफ विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत भी दायर की है। मामले में अमित अग्रवाल को झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार के साथ मुख्य आरोपी बनाया गया है।पूरा मामला झारखंड हाईकोर्ट में दाखिल एक जनहित याचिका को मैनेज करने से जुड़ा हुआ है।





इस मामले की शुरुआत 31 जुलाई को हाईकोर्ट के वकील राजीव कुमार की गिरफ्तारी से हुई थी।कोलकाता पुलिस ने राजीव कुमार को 50 लाख रुपए के साथ शहर के हैरिसन स्ट्रीट स्थित बिजनेस स्क्वायर से गिरफ्तार किया था। राजीव कुमार को ये रकम एक जनहित याचिका से कारोबारी अमित अग्रवाल का नाम हटाने के लिए मिली थी।जनहित याचिका से अमित अग्रवाल का नाम हटाने के लिए राजीव कुमार ने 10 करोड़ रुपयों की मांग की थी और डील 1 करोड़ रुपए में फाइनल हुई थी।वकील राजीव कुमार इसी 1 करोड़ की पहली किश्त के रूप में 50 लाख रुपए लेने के लिए कोलकाता गए थे। जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।बाद में ईडी ने पीएमएलए कोर्ट में राजीव कुमार को रिमांड में लेने की अर्जी डाली जो मंजूर हो गई।





राजीव कुमार के बाद अमित अग्रवाल की गिरफ्तारी





ईडी ने अधिवक्ता राजीव कुमार को 8 दिन की रिमांड पर लिया और पूछताछ की। राजीव कुमार से पूछताछ के बाद ईडी ने कारोबारी अमित अग्रवाल को भी समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया। पहले कहा गया कि ईडी उनके आरोपों का सत्यापन करना चाहती है। बाद में ईडी ने कारोबारी अमित अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया।ईडी ने कहा कि राजीव कुमार ने पैसे मांगे और इन्होंने दिए। दोनों ही मनी लाउंड्रिंग के दोषी हैं। आज शुक्रवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अमित अग्रवाल को राजधानी रांची के रिम्स लाया गया है।





पंकज मिश्रा का भी रिम्स में चल रहा है इलाज





इससे पहले मनी लाउंड्रिंग और अवैध खनन के अन्य आरोपों में जेल में बंद निलंबित आईएएस खान सचिव पूजा सिंघल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का भी इलाज रिम्स में चल रहा है। पूजा सिंघल को जहां बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद रिम्स लाया गया तो वहीं पंकज मिश्रा पेट संबंधी बीमारियों को लेकर भर्ती हैं। इस बीच ईडी को पता चला कि पंकज मिश्रा रिम्स में इलाजरत रहने के दौरान लगातार फोन और वीडियो कॉल के जरिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में थे। दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं।