प्रतिनिधि,जमशेदपुर। मानगो में बिजली विभाग के कार्यालय में जमकर बवाल काटा।विकास सिंह ने कार्यपालक अभियंता को कार्यालय जाने से रोका,आग जलाकर कार्यालय में बैठे अभियंताओं को ताप देकर कराया गर्मी का एहसास।एक सप्ताह से मानगो में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है । चौबीस घंटे में मात्र पांच से छः घंटा ही लोगों को बिजली की आपूर्ति की जा रही है।भीषण गर्मी में लोगों का बहुत बुरा हाल हो गया है।विगत रात बिजली ने पूरे मानगों को रुलाया हैं।पूरी रात मात्र एक से दो घंटे ही लोगों को बिजली मिली,जिससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चे और बुजुर्गों को हुई।बिजली की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पाने के कारण लोगों को पानी की भी दिक्कत हो गई हैं।





बिजली बिजली आपूर्ति से परेशान मानगों के उपभोक्ताओं ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क कर अपनी परेशानी से अवगत कराया।लोगों ने कहा कि पूरी रात हम सभी ने बिजली विभाग के अभियंताओं को फोन किया पर किसी ने हम सभी का फोन नहीं उठाया।हम लोगों ने विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को भी दर्जनों बार फोन किया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर फेज कट जा रहा है तो उसे बनाने में सात से आठ घंटे लग रहे । ट्रांसफार्मर जलने के बाद पूरा दिन बीत जाने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इस भीषण गर्मी में लोगों का एक पल भी समय काटना मुश्किल हो गया है।





भाजपा नेता विकास सिंह ने मंगलवार को भुक्तभोगी उपभोक्ताओं के साथ मानगो के डिमना बस्ती स्थित कार्यपालक अभियंता कार्यालय में जाकर जमकर बवाल काटा। सुबह साढ़े दस बजे कार्यपालक अभियंता अजय कुमार जब अपने कार्यालय में प्रवेश कर रहे थे मौके पर उपभोक्ताओं के साथ खड़े भाजपा नेता विकास सिंह ने उनका रास्ता रोक दिया और कार्यालय में जाने नहीं दिया। विकास सिंह ने कहा कि पहले बताइए उपभोक्ताओं को फुल लोड बिजली कब से मिलेगी।विकास सिंह ने कहा पूरे देश में सबसे महंगी बिजली झारखंड में है।मात्र 500 रुपए बिल बकाया रहने पर उसी दिन विभाग के द्वारा बिजली काट दिया जाता है।ऐसे में बिजली की आपूर्ति अगर विभाग नहीं कर रहा है तो एक बहुत बड़ा आम जनता के साथ अपराध कर रहा है और हम सभी मानगो में अपराध किसी को भी नहीं करने देंगे।





कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने भरोसा दिलाया एक से दो दिनों के अंदर मानगो के लोगों को फुल लोड बिजली दी जाएगी।कार्यपालक अभियंता का आश्वासन मानते हुए उन्हें कार्यालय में जाने दिया गया। इसके बाद कार्यालय में बैठे अभियंताओं को सांकेतिक रूप से कार्यालय के बाहर टायर जलाकर आग का ताप देते हुए गर्मी का एहसास कराया गया।





विकास सिंह ने कहा आग कि तपिश क्या होती है।इसका अंदाजा वातानुकूलित कक्ष में बैठे हुए अभियंताओं को नहीं है। जैसी गर्मी मानगो की जनता बिजली की आपूर्ति नहीं होने से झेल रही है, वैसे ही गर्मी का सांकेतिक ताप वातानुकूलित कक्ष में बैठे हुए अभियंताओं को दिया गया।





विकास सिंह ने कहा कि बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं होगी तो आंदोलन अब कार्यालय के बदले एनएच-33 में होगा।उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग एवं विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी किया।मौके में मुख्य रूप से विकास सिंह ,अमरिंदर पासवान,राकेश लोधी , दुर्गा दत्ता,मनोज ओझा ,अजय लोहार,अंबिका पांडे,जीतू गुप्ता, संदीप शर्मा, मधु सिन्हा, संजू सिंह, पंकज सुमन शर्मा, पंकज गुप्ता, मनोज ठाकुर, जय प्रकाश निराला, राजबीर सिंह, देवंती देवी, पुष्पा देवी, लाजवंती देवी, हीरा देवी, पार्वती देवी, विजय महतो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे ।