मानगो में महिला पर अभद्र टिप्पणी के बाद बिगड़ा मामला, भाजपा ने उलीडीह थाना घेरा, रोड किया जाम किया





एसआई से की धक्का-मुक्की,भाजपा ने छेड़खानी की शिकायत करने पर लगाया मारपीट का आरोप





प्रतिनिधि,जमशेदपुर।मानगो में रविवार की रात्रि एक महिला पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उलीडीह थाने का घेराव भी किया।भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के एसआई पर भाजयुमो के जिला महामंत्री दीपक तिवारी की पिटाई करने का आरोप भी लगाया है।इस दौरान उलीडीह थाने के मेन गेट को बंद कर पुलिस प्रशासन हाय-हाय की नारेबाजी की गई।मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने पहुंचकर थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग भी की है। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मुख्य सड़क को जाम भी कर दिया था।





भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि रविवार की रात्रि उलीडीह थाना अंतर्गत कालिकानगर निवासी एक महिला अपने पति के साथ स्कूटी सीख रही थी। इसी बीच स्थानीय कुछ असामाजिक तत्वों ने अभद्र टिप्पणी की।महिला ने युवक को ऐसा करने से मना किया तो बदमाशों ने धमकी भी दी। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। जानकारी पाकर परिजन जब बदमाश के घर शिकायत करने गए तो घर वालों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए। साथ ही पीड़िता जब थाने में घटना की शिकायत करने पहुंची तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।इस दौरान मानगो थाना के एसआई शशि भूषण उलीडीह थाना पहुंचे, लेकिन मगर कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की कर उन्हें भगा दिया। जिसके बाद मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार और आजादनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को जाम हटाने का आग्रह भी किया। मगर कार्यकर्ता वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे।





गुंजन यादव ने बताया कि जब पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो पीड़िता ने भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। जिसके बाद भाजयुमो के जिला महामंत्री और भाजपा कार्यकर्ता थाना पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की। इस बीच मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जिला महामंत्री की पिटाई कर दी। जिससे भाजयुमो के जिला महामंत्री दीपक तिवारी और गौरव राय को चोट भी आई। मामले को लेकर थाना प्रभारी विनोद टुडू ने कहा कि छेड़खानी की शिकायत मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। जहां तक पिटाई की बात है, वह गलत है।