बांदा।उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है।जेल में बंद गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की विशेष खातिरदारी करने वाले डिप्टी जेलर समेत पांच पुलिस अधिकारियों को योगी सरकार ने निलंबित कर दिया है।पूर्वांचल का माफिया कहे जाने वाले मुख्तार अंसारी इस समय बांदा जेल में बंद हैं।





मिली जानकारी के‌ अनुसार सोमवार रात लगभग 9 बजे जिलाधिकारी अनुराग पटेल और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भारी पुलिस फोर्स के साथ बांदा मंडल कारागार में औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे।इस दौरान डीएम और एसपी को जेल का गेट बंद होने से 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।ऐसे में इन अधिकारियों को जेल के अंदर अनियमितता की आशंका हुई।





डीएम और एसपी जब जेल के अंदर पहुंचे तो गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की बैरिक 15 और 16 नंबर में दशहरी आम,कीवी समेत अन्य सामान मिले।इस दौरान मुख्तार अंसारी की सुरक्षा में लगे जेलकर्मियों के पास बॉडी कैम भी नहीं मिला।जब इस मामले में मौजूदा डिप्टी जेलर से डीएम और एसपी ने सवाल किए तो वो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।





इस निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने एक संयुक्त रिपोर्ट मंगलवार को शासन को भेजी। रिपोर्ट के बाद डीजी जेल आनंद कुमार ने डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह समेत 4 जेल सुरक्षाकर्मी निलंबित कर दिए।इसकी की पुष्टि जेलर वीरेंद्र कुमार ने कर दी है।