मुख्यमंत्री ने किया राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव का आगाज





खादी केवल वस्त्र नहीं बापू के विचारों से जुड़ा है





सरस महोत्सव कारीगरों,हस्त शिल्पकारों एवं बुनकरों को देता है बेहतरीन मंच:हेमंत सोरेन





वरीय संवाददाता,रांची। खादी एवं सरस महोत्सव 2023-24 का उद्घाटन रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया गया। खादी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड की राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव का आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी किया गया है। यह महोत्सव 7-12 जनवरी तक सुबह 10बजे से शाम के 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं बापू के विचार, सिद्धांत, उद्देश्य से जुड़ा है जो सूत काटने से लेकर खादी बुनने तक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ता है।आज राज्य में करीब 2 लाख से अधिक सखी मंडल की महिलाएं पलाश एवं आजीविका ब्रांड के विभिन्न कार्यों से जुड़कर अपनी आजीविका को सशक्त बना रही है। पलाश के सह ब्रांड आदिवा -लिविंग विद ट्रेडीशन के तहत राज्य के पारंपरिक शिल्पकार एवं हस्त निर्मित कारीगरी, आदिवासी ज्वेलरी, डोकरा आर्ट, जुट क्राफ्ट, हैंडलूम, बस के उत्पाद आदि को बाजार उपलब्ध करने के लिए सरकार प्रयासरत है ।





राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव कारीगरों, हस्त शिल्पकारों एवं बुनकरों को देता है एक बेहतरीन मंच





मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव झारखंड एवं विभिन्न राज्यों से आए बुनकरों,हास्तशिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्पादों एवं ग्रामउद्योग सामानों का प्रदर्शन एवं बिक्री का समेकित मंच है। यह एक बेहतरीन अवसर है जहां हुनर और मेहनत एक साथ रंग बिखेरती है। झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड खादी के प्रचार प्रसार एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभा रहा है। ग्रामीण जनमानस और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार प्रधान कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रहा है।





झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड निरंतर प्रयासरत है स्वदेशी अभियान में





उन्होंने कहा झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड खादी वस्त्र एवं ग्रामोद्योग के उत्पादन की परंपरा को आगे बढ़ाने एवं रोजगारोन्मुखी बनाने की परिकल्पना के साथ ग्रामीण विकास, लघु उद्योग ,महिला सशक्तिकरण ,खादी के विकास के साथ खादी के भविष्य को उज्जवल बनाने की स्वदेशी अभियान में अहम भूमिका निभा रहा है।इसी के साथ राष्ट्रीय खादी एवं शहर महोत्सव 2023 24 के सफल आयोजन में झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, उद्योग विभाग एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी, और ग्रामीण विकास विभाग की पूरी टीम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ढेर सारी शुभकामनाएं दी।उन्होंने महोत्सव में लगे खादी बोर्ड और सरस के विभिन्न स्टॉलों का भी जायज़ा लिया।





इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम, रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक रांची सीपी सिंह, , मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव उद्योग विभाग जितेंद्र कुमार सिंह ,ग्रामीण विकास विभाग के सचिव चंद्रशेखर ,जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संदीप सिंह, आकांक्षा रंजन, निर्देशक हैंडलूम,झारखंड राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राखाल चंद्र बेसरा,प्रशासनिक सेवा से शशि रंजन ,मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।