मुजफ्फरनगर ।गुजरात एटीएस को बड़ी कामयाबी मिली है। एटीएस ने शाहीन बाग से पकड़े गए ड्रग्स तस्कर हैदर के यूपी के मुजफ्फरनगर ठिकाने से 150 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की है।बताया जा रहा है कि इस हेरोइन की कीमत लगभग 900 करोड़ रुपए है।शुरुआती जानकारी में अधिकारियों ने बताया है कि इस सिंडीकेट के तार दुबई, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान से जुड़े हैं।
अधिकारियों ने बताया है कि नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के किदवई नगर में देर रात एटीएस ने दो घरों में छापेमारी की जहां 900 करोड़ की ड्रग्स बरामद हुई।हैदर को एनसीबी ने शाहीन बाग के एक घर से गिरफ्तार किया था।उसके शाहीन बाग के घर से 300 करोड़ कीमत की 50 किलो हेरोइन, 30 लाख कैश,नोट गिनने की मशीन और 47 किलो दूसरे नशीले पदार्थ बरामद हुए थे और इस मामले में इंडो-अफगान सिंडिकेट का खुलासा किया था।मिली जानकारी के मुताबिक, अफगानिस्तान से ड्रग्स की खेप दिल्ली आई थी।ड्रग्स की तमाम खेप फ्लिपकार्ट पैकिंग में बंद थी।इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।गुजरात एटीएस ने हैदर के मुजफ्फरनगर के घर के पास एक पड़ोसी के घर में छापेमारी की और 150 किलो हेरोइन बरामद की।
एनसीबी के डीडीजी ज्ञानेश्वर सिंह ने मीडिया को बताया कि ड्रग्स केस में हमने लक्ष्मी नगर से हवाला कारोबारी शमीम को गिरफ्तार किया है।ये ड्रग्स का पैसा दुबई में शाहिद को भेज रहा था।अब तक इस सिंडिकेट में कुल 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं।इस सिंडीकेट के तार दुबई ,पाकिस्तान ,अफगानिस्तान और ईरान से जुड़े हैं।
ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि अटारी बॉर्डर और गुजरात में जो हेरोइन बरामद हुई है, ऐसा लगता है कि सबका सोर्स एक है।इसलिए हमारी टीम गुजरात और अटारी बॉर्डर से भी पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करेगी।
गुजरात से भी पकड़ी गई ड्रग्स
हाल ही में गुजरात एटीएस और भारतीय कोस्ट गार्ड ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास से लगभग 280 करोड़ रुपए लागत की 56 किलो ड्रग्स पकड़ी थी।इस कार्रवाई में 9 पाकिस्तानी फिशरमैन को भी गिरफ्तार किया गया है, जो फिशिंग की आड़ में नाव से ड्रग्स सप्लाई कर रहे थे।मिली जानकारी के मुताबिक ड्रग्स पाकिस्तान से लाई जा रही थी।





