जमशेदपुर।बर्मामाइंस थाना अंतर्गत रहने वाली 13 साल की नाबालिग ने बीते 23 नवंबर की देर रात्रि एमजीएम अस्पताल में मृत नवजात को जन्म दिया था।वहीं घटना के बाद एसएसपी के आदेश पर थाने में मामला दर्ज किया गया था। मगर वह पुलिस के समक्ष अपना मुंह नहीं खोल रही है। साथ ही उसका कोर्ट में 164 का भी बयान कराया गया। इस दौरान उसने कुछ भी नहीं बोला। जिससे आइओ की परेशानी बढ़ गई है।
घटना के संबंध में जब पुलिस ने नाबालिग के माता-पिता से पूछताछ की तो वे कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं। उनका साफ कहना है कि उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी ही नहीं है।आइओ रोज नाबालिग के घर पर जाती है,लेकिन उसके मुंह नहीं खोलने से उनकी परेशानी बढ़ गयी है।
बताते चलें कि मामला जिस समय एमजीएम अस्पताल में सामने आया था। तभी से परिजन घटना के बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं। पुलिस को लग रहा था कि मामला दर्ज होने के बाद परिजन मामले का खुलासा करेंगे,लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अगर नाबालिग और उसके माता-पिता इसी तरह से चुप्पी साधे रहे तो आरोपी को इसका लाभ मिल सकता है। जबकि एसएसपी प्रभात कुमार ने नाबालिक के आरोपी को सजा दिलवाने के लिए ही मामला दर्ज करवाया था। मगर अब परिजन ही पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे हैं।





