प्रतिनिधि,लोहरदगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा एवं जिला प्रशासन के विभिन्न इकाइयों के संयुक्त प्रयत्न से आज दिनांक 27. 05 .2023 को लोहरदगा जिले के सभी सातों प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तिकरण - सह- विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। लोहरदगा के विभिन्न प्रखंडों में इस निमित्त न्यायिक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
भंडारा प्रखंड में तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार, कुडू प्रखंड में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चंदन, सेन्हा प्रखंड में वरीय सिविल न्यायाधीश अर्चना कुमारी, कैरो प्रखंड में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह निबंधक राज कल्याण एवं किसको प्रखंड में पूजा कुमारी लाल, प्रधान मजिस्ट्रेट जुविनाइल जस्टिस बोर्ड की प्रतिनियुक्ति की गई थी इसके साथ ही एलएडीसी अधिवक्ता मेडियेटर अधिवक्ता का भी सहयोग भी लिया गया था।जबकि मेगा विधिक सशक्तिकरण का मुख्य कार्यक्रम टाउन हॉल में आयोजित किया गया।टाउन हॉल में कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश -सह- अध्यक्ष डालसा राजेंद्र बहादुर पाल, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सुभाष,जिले के आरक्षी अधीक्षक -सह- सदस्य डालसा आर रामकुमार, डालसा सचिव राजेश कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत व कार्यक्रम का संचालन डालसा सचिव राजेश कुमार एवं पीएलवी दिलीप कुमार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर डालसा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार एवं न्यायपालिका का हमेशा से यह प्रयत्न रहा है कि कानूनों एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक नागरिकों को मिले। इसी उद्देश्य से लोहरदगा जिला विधिक सेवा प्राधिकार समय-समय पर विद्यालयों में हाट बाजार में एवं गांव-गांव जाकर ना सिर्फ उनके समस्याओं को सुनती है। अपितु उन्हें जागरूक करते हुए समस्या समाधान करने का प्रयास भी कराती है।
वहीं डालसा सदस्य सह पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को सीधा लाभ मिलता है। लोग रोजगार उन्मुख होते हैं, जिससे समाज में कानून व्यवस्था अच्छी बनी रहती है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने लोहरदगा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मध्यस्थता से विवादों के निपटारे पर बल दिया। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश ने इस बात को रेखांकित किया कि पति-पत्नी के बीच के विवाद को मध्यस्थता के माध्यम से एवं आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया जाना ज्यादा बेहतर होता है।
डालसा सचिव राजेश कुमार ने दिनांक 29 मई से 14 जून तक आयोजित किए जा रहे मन का मिलन पखवाड़े के विषय में उपस्थित जनों को बताया और कहा कि मध्यस्थता के फायदे को आमजन तक पहुंचाना डालसा का एक प्रमुख उद्देश्य है।आज पूरे जिले में लाभुकों के बीच करोड़ों रूपए के परिसंपत्ति का वितरण किया गया। मेगा विधिक सशक्तिकरण में पूरे जिले में 2000 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। प्रखंड परिसर लोहरदगा में दिनभर कार्यक्रम को लेकर चहल-पहल बनी रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।





