मेधावी बच्चों के लिए मेडिकल व इंजीनियरिंग कोचिंग का विधायक व उपायुक्त ने किया शुभारंभ





सरकारी विद्यालयों के चयनित 50 बच्चों को मेडिकल एवं 50 बच्चों को आईआईटी सहित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण





प्रतिभावान बच्चों की प्रतिभा तराशना और उनका भविष्य संवारना मुख्य लक्ष्य : उपायुक्त





प्रतिनिधि,रामगढ़। जिले के मेधावी एवं जरूरतमंद बच्चों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश हेतु प्रशिक्षण एवं पैसे के अभाव में इन सुविधाओं से वंचित रह जाने वाले बच्चों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा की पहल पर जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा आधुनिक सुविधाओं के साथ एवं अनुभवी शिक्षकों के द्वारा बच्चों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश हेतु प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल व इंजीनियरिंग प्रशिक्षण की व्यवस्था डीएमएफटी के माध्यम से की गई है। सोमवार को विधायक रामगढ़ सुनीता चौधरी एवं उपायुक्त द्वारा रामगढ़ प्रखंड परिसर के समीप कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया।





मौके पर उपायुक्त ने रामगढ़ जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों से चयनित 50 मेडिकल एवं 50 इंजीनियरिंग के बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि आप में जो भी प्रतिभा है उसका इस्तेमाल करते हुए आप ना केवल अपना बल्कि पूरे रामगढ़ जिले का नाम देश भर में रोशन करें। इस तरह की पहल आप सभी के लिए इसलिए खास है।क्योंकि अब प्रतिभा होने के बावजूद पैसे के अभाव में आपको देश के सर्वोच्च शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता है।





कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि कोई बच्चा किसी से कम नहीं है अगर आप सभी अपनी क्षमता के अनुसार इमानदारी से प्रयास कर अपना शत प्रतिशत देंगे तो आपको सफलता जरूर मिलेगी। साथ ही उपायुक्त ने सभी को राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के लिए शुभकामनाएं दी।





कार्यक्रम के दौरान विधायक रामगढ़ सुनीता चौधरी ने जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रतिभावान बच्चों के लिए शुरू की गई मेडिकल व आईआईटी कोचिंग की सराहना करते हुए मन लगाकर बच्चों को पढ़ने एवं जीवन में सफल होने के लिए शुभकामनाएं दी।वहीं, अध्यक्ष जिला परिषद सुधा देवी, उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक तिर्की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम कुमार, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य ने भी बच्चों को कोचिंग सेंटर का पूरा लाभ लेने एवं जीवन में सफल होने के लिए शुभकामनाएं देने सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी।





विधायक एवं उपायुक्त द्वारा कोचिंग सेंटर का शुभारंभ करने के उपरांत मंगलवार से बच्चों के लिए सातों दिन कक्षाएं संचालित होंगी।वहीं अवकाश के दिनों में बच्चों के लिए विशेष योजना के तहत दुविधाओं को दूर करने एवं पूरे हफ्ते जो भी चीजें उन्होंने सीखी हैं उनके आकलन हेतु परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। कोचिंग सेंटर के सभी क्लासेस ऑफलाइन होंगे,लेकिन बच्चों को शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए वीडियोस की रिकॉर्डिंग कॉपी क्लास पूरी होने के उपरांत उपलब्ध कराया जाएगा।वहीं बच्चे 24 घंटे सातों दिन शिक्षकों के संपर्क में रहकर किसी भी समय अपनी किसी भी दुविधा को दूर कर सकेंगे।





कोचिंग परियोजना का शुभारंभ होने के उपरांत चयनित बच्चों में काफी उत्साह दिखाई दिया।जहां उन्होंने उपायुक्त माधवी मिश्रा एवं जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा किए गए इस पहल की सराहना की।वहीं उन्होंने कहा कि अब पैसे का अभाव होने के बाद भी हमें अपने जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में काफी आसानी होगी। कोचिंग सेंटर में उपस्थित सभी बच्चों ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि वे अपना शत-प्रतिशत देंगे और रामगढ़ जिला का नाम देश और दुनिया भर में रोशन करेंगे। मौके पर सभी ने उपायुक्त एवं जिला प्रशासन रामगढ़ का धन्यवाद किया।