मैनपुरी।उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में एक बड़े हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।यहां घर में सो रहे पांच लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।हत्या के बाद आरोपी ने खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।इस हत्याकांड में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। आरोपी नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है और अपने सगे भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आया हुआ था।पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घर में था शादी का माहौल
घर में शादी का माहौल था,जिसकी वजह से सभी सदस्य और रिश्तेदार वहां मौजूद थे। हालांकि आरोपी ने किस वजह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।यह अभी तक मालूम नहीं हुआ है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी मच गई और मौके पर एसपी समेत कई आलाधिकारी मौजूद हैं।
शाम को ही लौटी थी छोटे भाई का बारात
पूरा मामला थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम गोकुलपुर अरसरा गांव का है। सुभाष चंद्र यादव के तीन पुत्र शिववीर, सोनू और भुल्लन थे। शुक्रवार को मझले पुत्र सोनू (20) की बरात इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव गंगापुर से लौट कर आई थी।घर में नई बहू सोनी (20) के आने से खुशियों का माहौल था। शुक्रवार की देर रात एक बजे तक सभी लोग डीजे बजा कर नाच गा रहे थे। रात में शिववीर ने कोल्ड ड्रिंक में कोई नशे की गोली मिलाकर सभी को पिला दी। सभी के बेहोश होने के बाद शिववीर ने बांके से आंगन में सो रहे भाई भुल्लन (20), बहनोई सौरभ निवासी चांदा हविलिया (26), भाई के दोस्त दीपक (20) फिरोजाबाद की हत्या कर दी।
दुल्हन को भी बांके से काट डाला
इसके बाद छत पर सो रहे सोनू (22) और नवविवाहिता सोनी की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। हमले में पिता सुभाष, आरोपी की पत्नी और मामी गंभीर रूप से घायल हैं। पांच हत्याएं करने के बाद शिववीर ने घर से कुछ दूर जाकर खुद भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार और कई थानों की फोर्स गांव पहुंची। तीन घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए हैं। हत्याकांड क्यों अंजाम दिया गया, इसकी वजह अभी पता नहीं लग सकी है। पुलिस कारण जानने का प्रयास कर रही है।





