लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ।एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ट्रक में जाकर घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग बुरी तरह घायल हो गए।मरने वालों में ढाई साल की बच्ची भी शामिल है।पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रहीमाबाद थाना प्रभारी अख्तियार अंसारी ने बताया कि लखनऊ-हरदोई हाईवे पर हादसा देर रात 2 से 2:30 बजे के बीच जिन्दौर गांव के पास हुआ।हादसे में संडीला के अनवरी मोहल्ला निवासी समीना (30), बेटी आशिया (2), अब्दुल रहमान (7) और फातिमा की मौत हो गई। वहीं कार सवार फहद, अमान सहित तीन गंभीर रुप से घायल हो गये।घायलों को उपचार के लिए दुबग्गा के सिटी हॉस्पिटल में भेजा गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह परिवार लखनऊ के दुब्बगा में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था और अपने घर संडीला जा रहा था, तभी हाइवे पर आगे की तरफ चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दिया और तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भारी वाहन में जा घुसी।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।घटनास्थल पर 4 लोग दम तोड़ चुके थे जबकि 2 लोग घायल थे,जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।दुर्घटनाग्रस्त कार सिराज अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड थी।





