जमशेदपुर।एमजीएम थाना अंतर्गत महावीर कॉलोनी में एएसपी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट एजेंसी चलाने वाले अखिलेश साहू से फोन कर रविदास गैंग के नाम पर 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर परेशानी में पड़ने की चेतावनी भी दी है। वहीं घटना के बाद अखिलेश साहू सीधे थाने में पहुंचकर मामला दर्ज कराया।इस दौरान मोबाइल पर भेजे गए मैसेज को उन्होंने पुलिस को उपलब्ध करवाया है। जिसके बाद पुलिस उक्त नंबर को ट्रैक पर लगाकर लोकेशन की जानकारी ले रही है।
मामले में अखिलेश का कहना है कि उन्हें 20 नवंबर की रात्रि 1.30 बजे कॉल आया।जिसे रिसिव करने पर उधर से आवाज आई कि बहुत कमा रहे हो।मैं रविदास गैंग से बोल रहा हूं।यह सुनते ही उन्होंने फोन काट दिया।जिसके थोड़ी देर बाद फिर उसी नंबर से कॉल आया।मगर उन्होंने फोन रिसिव ना कर स्वीच ऑफ कर दिया। जबकि सुबह जागने पर उसी नंबर से मोबाइल पर मैसेज आया था। जिसमें लिखा था कि 10 लाख रेडी रखो नहीं तो बहुत प्राब्लम फेस करेगा। जिससे अखिलेश परेशान हो गए। उनका कहना है कि वे आशियाना मूनसिटी में रहते हैं। साथ ही तीन साल पहले ही बिजनेश शुरू किया है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर उनके साथ ऐसा क्यों हो रहा है। फोन और मैसेज आने से वे काफी डरे हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





