वरीय संवाददाता,रांची। राजधानी रांची में जाम की समस्या से हो रही परेशानी पर बुधवार को चेंबर भवन में ट्रैफिक उप समिति की बैठक हुई। उप समिति चेयरमेन मुकेश पांडे ने जाम की समस्या से ग्रसित इलाकों का क्षेत्रवार उल्लेख करते हुए प्रशासन स्तर पर सुधार के लिए सदस्यों से सुझाव मांगा। कहा गया कि किसी भी शहर की लाइफलाइन यातायात व्यवस्था ही है।रांची शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है।
कहा गया कि शहर में ट्रैफिक जवानों की कमी है,जो जवान तैनात हैं वे फाइन वसूलने में व्यस्त हैं। सडकों पर होने वाले अतिक्रमण को हटाने में वे रूचि नहीं दिखाते हैं। ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था ऐसी है कि ग्रीन सिग्नल पर वाहनों के आगे बढ़ने और चौराहे पर जाम लगने से वाहनों का चालान कट जाता है। चालान कटने की जानकारी दो-तीन माह के बाद लोगों को मिलती है।आवश्यक है कि ट्रैफिक लाइट की समीक्षा की जाय और चौराहों को जाममुक्त बनाया जाय। सदस्यों ने यह भी कहा कि कई जगहों पर निर्धारित पार्किंग शुल्क से अधिक शुल्क वसूला जाता है। मनमाना शुल्क नहीं देने पर ठेकेदारों द्वारा दुर्व्यहार किया जाता है। निगम को इसपर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
शहर में तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो इंट्री में प्रवेश और परिचालन की अनुमति नहीं मिलने पर जेसीपीडीए के अध्यक्ष संजय अखौरी ने चिंता जताई और कहा कि त्यौहार का समय है, आवश्यक वस्तुओं की सप्लाइ चेन को बनाये रखने के लिए जरूरी है कि होली तक इस प्रतिबंध को शिथिल किया जाय ताकि निर्बाध रूप से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हो सके।यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु सदस्यों द्वारा सुझाव भी दिये गए।
सदस्यों ने सभी प्रमुख चौक चौराहों पर नो इंट्री-यू टर्न साइनेज बोर्ड लगाने, वाहनों की गति सीमा के प्रति लोगों को जागरूक करने, वाहनों के स्पीड लिमिट कैमरा की संख्या बढाने, किसी भी त्यौहार के समय सड़कों पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं देने, ऑटो स्टैंड को रि-रेगुलेट करने, सभी पार्किंग स्थलों पर पार्किंग का समय और शुल्क लिखा हुआ बोर्ड अधिष्ठापित कराने, ऑटो रिक्शा में मीटर लगाने, निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास बाईं लेन की प्रॉपर व्यवस्था करने की बात कही। यह भी कहा गया कि जहां-जहां फ्लाईओवर निर्माण कार्य हो रहे हैं, वहां धूल से लोग बीमार हो रहे हैं। संबंधित विभाग को इसकी गंभीर समीक्षा करने की जरूरत है।
चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने सभी समस्याओं को वास्तविक बताते हुए जल्द ही चेंबर भवन में ट्रैफिक एसपी और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर वार्ता की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैफिक शहर की लाइफलाइन है और इसमें सुधार जरूरी है।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, कार्यकारिणी सदस्य नवजोत अलंग, संजय अखौरी, उप समिति चेयरमेन मुकेश पांडे, शशांक भारद्वाज, महेंद्र जैन, सदस्य किशन अग्रवाल, विजय छापडिया समेत अन्य लोग उपस्थित थे।





