रांची।राजधानी रांची में आस्था का महापर्व छठ पूजा के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या न हो।इसके लिए रांची पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। 30 अक्तूबर की सुबह आठ बजे से लेकर रात के 11 बजे और 31 अक्तूबर की सुबह दो बजे से लेकर रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।इससे संबंधित आदेश गुरुवार शाम सिटी सह ट्रैफिक एसपी अंशुमन कुमार ने जारी कर दिया है।
उक्त अवधि के दौरान भारी वाहन शहरी क्षेत्र को छोड़ कर रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जाएंगे। कांके रोड में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।कांके रोड में 31 अक्तूबर को दिन के दो बजे से शाम के सात बजे तक राम मंदिर और चांदनी चौक के पास एक्सेस कंट्रोल प्वाइंट होगा।सिर्फ छठ व्रती को लेकर घाट के तरफ जाने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।
राम मंदिर से कांके की ओर जाने वाली सड़क की बायीं लेन छठ व्रतियों को लाने और ले जाने के लिए विशेष रूप से चिह्नित किया गया है।इसके साथ ही चांदनी चौक से राम मंदिर की ओर आने वाली सड़क की बायीं लेन को जतरा- झांकी के लिए निर्धारित किया गया है। कांके रोड चांदनी चौक की तरह से छठ व्रतियों को लेकर आने वाले वाहन को चांदनी चौक के पास रॉन्ग-वे सन्भी आने की छूट दी गयी है।चांदनी चौक की ओर से आने वाले वाहन गांधी नगर छठ घाट और सीएमपीडीआई छठ घाट आ सकते हैं। शहर की कई जगह को चिह्नित कर वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी प्रदान की गयी है।
विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग
रणधीर वर्मा चौक से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग में निगम पार्क, रोड किनारे वाहन पार्क होंगे़। वहीं एसएसपी आवास से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग में रोड किनारे, जाकिर हुसैन पार्क से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग में नागा बाबा खटाल और सड़क किनारे, चांदनी चौक से कांके डैम जाने वाले मार्ग में सीएमपीडीआई/गांधीनगर और रॉक गार्डेन के पास, शालीमार बाजार से तालाब जाने वाले मार्ग में शालीमार बाजार व शहीद मैदान से तालाब जाने वाले मार्ग में वाहन शहीद मैदान में पार्क होंगे।इसके अलावा जेल चौक के पास सड़क किनारे, लालपुर यातायात थाना के पास रोड किनारे, सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग में सर्जना चौक स्थित पार्किंग स्थल,चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग में सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, बनस तालाब चुटिया के पस सड़क किनारे, किशोरगंज से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग में सड़क किनारे व देवेंद्र मांझी चौक के पास निवारणपुर मैदान में वाहन पार्क होंगे।





