विशेष संवाददाता,रांची। मेहनत और लगन के बलबूते इंसान लक्ष्य हासिल करने में सफल होता है। मंजिल की ओर बढ़ते रहने का जज्बा और जुनून हो तो इंसान कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। इसे सच साबित कर दिखाया है राजधानी रांची की प्रतिभावान युवती आदिति वर्मा ने। राजधानी के बोड़ेया रोड निवासी रामप्रताप वर्मा और अनीता वर्मा की सुपुत्री और विद्या विकास पब्लिक स्कूल की छात्रा आदिति वर्मा ने दिल्ली की संस्था चित्रा आर्ट एकेडमी द्वारा आयोजित ऑनलाइन कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने परिवार सहित पूरे झारखंड राज्य को गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में भारत से दिल्ली, रांची और अमेरिका एवं जर्मनी आदि देशों से भी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।





कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आदिति वर्मा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रही।द्वितीय स्थान पर दिल्ली की युवती अक्षिता सिन्हा और तृतीय स्थान पर जर्मनी की निशा कुमारी रही। विजयी प्रतिभागियों को नोएडा स्थित जेपी विश टाउन में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया गया।