रांची शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने की बैठक,सुगम यातायात हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश,एक महीने के अंदर शार्ट टर्म में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार का दिया निर्देश
नो वेंडर जोन में फ़ूड कोर्ट और ठेले लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध,उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश
विशेष संवाददाता,रांची। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था से संबंधित बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची कौशल किशोर, पुलिस अधीक्षक (नगर) एसजैन, पुलिस अधीक्षक (यातायात) एचबी ज़मां, अनुमंडल पदाधिकारी, रांची दीपक कुमार दुबे, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) रांची आरएन आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता रांची केवल कुमार अग्रवाल, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) जीतवाहन उरांव,जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची प्रवीण प्रकाश, उप नगर आयुक्त रांची नगर निगम, कुंवर सिंह पाहन एवं विधुत कार्य प्रमंडल रांची पथ निर्माण विभाग, स्मार्ट सिटी रांची जेनरल मैनेजर (टेक्निकल) राकेश कुमार नंद कुरियार एवं स्मार्ट सिटी रांची ट्रांसपोर्ट मैनेजर कुमुद कुमार, डीआरएसएम जमाल ए. खान एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक महीने के अंदर शार्ट टर्म में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने तथा इसे पूरा करने के निर्देश दिये।
जोन 01- लालपुर चौक-कांटाटोली चौक-कोकर चौक-कोकर चौक-बुटी मोड़ के लिए निर्देश
उपायुक्त ने लालपुर चौक-कांटाटोली चौक-कोकर चौक पर अव्यवस्थित ट्रैफिक बूथ एवं विज्ञापन बोर्ड को अविलंब हटाने का निर्देश निगम के पदाधिकारी को दिया। इस पूरे जोन में एक महीने के भीतर अव्यवस्थित बिजली के खंभों को स्थान्तरित करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया। साथ ही पथ निर्माण विभाग को रांची शहर के सभी स्थान जहां सड़क मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तुरंत कार्य करने के निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा लालपुर पेट्रोल पम्प के सामने ट्रैफिक बूथ को स्थान्तरित करने, प्रचार बोर्ड को हटाने एवं राजस्थान कलेवालय के पास ट्रैफिक सुगमता के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर कार्य पूरा करें। लालपुर चौक स्थित उदय मिष्ठान भंडार के आसपास बिजली के खंभे, पैनल बॉक्स हटाने एवं लालपुर डाकघर के पास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश भी उपायुक्त द्वारा दिया गया।
डंगराटोली चौक से कांटा टोली चौक, कांटा टोली चौक से कोकर चौक, कोकर चौक से बुटी मोड़ और कोकर चौक से लालपुर चौक पर बिजली के खंभे एवं स्लैब हटाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को उपायुक्त द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि उक्त स्थानों पर आवागमन लेफ्ट फ्री करने के लिए अतिक्रमण हटायें।
उपायुक्त ने स्मार्ट सिटी रांची, के जेनरल मैनेजर (टेक्निकल) एवं उप नगर आयुक्त, रांची नगर निगम को शहर की सड़कों पर स्थित साईकिल स्टैंड जिनके कारण जाम की समस्या हो रही है, उन्हें हस्तांतरित करने को कहा।
जोन 02-रेडियम चौक-जेल चौक-न्यूक्लियस चौक-प्लाजा चौक-मिशन चौक के लिए निर्देश
उपायुक्त ने जोन 02 में अव्यवस्थित बिजली के खंभों को स्थान्तरित करने, प्रचार बोर्ड हटाने तथा जेल चौक के आस-पास पेवर ब्लॉक लगाने ट्रैफिक सिग्नल पोल को स्थान्तरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने न्यूक्लियस मॉल के पास नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया ताकि जल्द नाली का निर्माण कर ट्रैफिक व्यवस्था सुगम किया जा सके।
प्लाजा चौक से न्यूक्लियस मॉल चौक तक कंट्रोल पैनल, ट्रैफिक बूथ, बिजली के ट्रांसफॉर्मर स्थान्तरित करने, प्रचार बोर्ड को व्यवस्थित करने, क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने, सड़क पर लगनेवाले ठेले-खोमचे को हटाने का निर्देश दिया गया। उन्हांेने संबंधित पदाधिकारी को कहा कि यह सुनिश्चित करें कि दोबारा सड़क पर ठेला-खोमचा वाले अतिक्रमण न करें।
जोन 03- कर्बला चौक-बहुबाजार चौक-मुंडा चौक-पटेल चौक-सुजाता चौक के लिए निर्देश
उपायुक्त ने जोन-3 के सभी चिन्हित स्थानों में बिजली के अव्यवस्थित खंभों को सड़क से स्थान्तरित करने एवं इन सभी स्थानों में अतिक्रमण हटा कर एक महीने में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
जोन 04-कमिश्नर चौक-सुभाष चौक-शहीद चौक-फिरायालाल चौक- सर्जना चौक-काली मंदिर चौक-वुल हाउस चौक, रतन, पीपी चौक
जोन-05
मुक्तिधाम ब्रिज-किशोरगंज चौक-गाड़ीखाना चौक-शनि मंदिर चौक- गौशाला कटिंग- न्यू मार्केट चौक रातु रोड
जोन-06
राजेंद्र चौक-देवेन्द मांझी चौक-मेकॉन चौक-ए. जी. मोड़ जेवियर मोड़-हिनू चौक एवं बिरसा चौक
उपायुक्त ने इन सभी स्थानों में ट्रैफिक व्यवस्था का संचालन सही से हो, इसे लेकर सभी बिंदुओं पर कार्य करते हुए बिजली पोल शिफ्टिंग, फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त कराने एवं बेतरतीब ऑटो स्टैंड हटाने का निर्देश दिया।
सभी जोन के सड़कों पर भी उपायुक्त ने ठेला-खोमचा, फूड वैन आदि न लगे इसे सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नो वेंडर जोन में फ़ूड कोर्ट और ठेले इत्यादि लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा इसका उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिया। अधिकारियों को मुख्य रूप से यह निर्देश दिया गया नो वेंडर जोन का पूर्ण तरीके से पालन हो। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसका उल्लंघन करने वालों वेंडर पर नगर निगम पेनाल्टी लगायें। दुकान वालों के सामने ठेला इत्यादि ना लगे। इसके लिए दुकानदारों को ट्रैफिक व्यवस्था के बारे बतायें।





