रांची,हटिया,खिजरी और कांके प्रत्याशियों के साथ रक्षा राज्य मंत्री की प्रेस वार्ता





मोदी सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरे, इसके लिए जरूरी है भाजपा सरकार:संजय सेठ





चारों विधानसभा क्षेत्रों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी भाजपा:सीपी सिंह





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन से पूर्व रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता में रांची के विधायक सह प्रत्याशी सीपी सिंह, हटिया के विधायक सह प्रत्याशी नवीन जायसवाल, खिजरी के प्रत्याशी रामकुमार पाहन और कांके के प्रत्याशी जीतू चरण राम मौजूद रहे।





रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि रांची हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र का नामांकन गुरुवार (24 अक्टूबर) को किया जाएगा। रांची विधानसभा सुबह 10 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मूर्ति के समक्ष,हटिया विधानसभा सुबह 11 बजे हरमू मैदान, कांके विधानसभा और मांडर विधानसभा सुबह 11 बजे मोराबादी मैदान में एकत्रित होकर रांची समाहरणालय नामांकन के लिए जाएंगे।इस अवसर पर भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि खिजरी विधानसभा क्षेत्र का नामांकन 28 अक्टूबर को किया जाएगा। 28 अक्टूबर को दिन के 12 बजे मोराबादी मैदान में सभी एकत्रित होकर रांची समाहरणालय नामांकन के लिए जाएंगे।मंत्री श्री सेठ ने कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता में भी उत्साह है। हर तरफ परिवर्तन की लहर है। पिछले 5 साल में झामुमो और कांग्रेस की सरकार ने जो भ्रष्टाचार किए हैं, बेरोजगारों पर जो अत्याचार किए हैं, महिला उत्पीड़न और प्रताड़ना पर जो चुप्पी साधी है; इन सबका जवाब इस चुनाव में देने के लिए जनता तैयार है।





श्री सेठ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं। मंत्री,विधायक,सांसद यह सब कुछ बीजेपी में सिर्फ दायित्व है। यह कोई पद नहीं है। हम सब भाजपा कार्यकर्ता के रूप में ही पूरी मजबूती के साथ इस चुनाव में काम करेंगे और राज्य में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण करने वाली सरकार बनाएंगे।उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को हमेशा से विशेष स्नेह दिया है। पांच साल हेमंत सोरेन की सरकार के बावजूद प्रधानमंत्री ने झोलियां भर-भर के झारखंड के विकास के लिए योजनाएं दी। परंतु दुर्भाग्य है कि इस भ्रष्ट सरकार ने जानबूझकर मोदी सरकार की योजनाओं को राज्य में सफल नहीं होने दिया। मोदी सरकार की योजनाएं राज्य में सफल हो, उसके लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है ताकि झारखंड के विकास को और बेहतर गति मिल सके। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति हो, युवाओं को रोजगार मिले, भाजपा इसके लिए दृढ़ संकल्पित है और भाजपा के साथ पूरे राज्य की जनता खड़ी है।





श्री सेठ ने कहा कि इन दोनों के बीच भाजपा के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ हर विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाने के लिए काम कर रहे हैं। रांची, हटिया, कांके, खिजरी विधानसभा क्षेत्र में दोगुने उत्साह से भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। रांची के संयोजक अजय मारू, हटिया के संयोजक बलराम सिंह, कांके के संयोजक संजीव विजयवर्गीय, खिजरी के संयोजक सुरेंद्र महतो एवं प्रभारी राकेश भास्कर बनाए गए। प्रेस वार्ता में रांची से प्रत्याशी सीपी सिंह, हटिया के प्रत्याशी नवीन जायसवाल,ख़िजरी से प्रत्याशी रामकुमार पाहन ,कांके से प्रत्याशी डॉक्टर जीतू चरण राम सहित रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू उपस्थित रहे।