रांची।राजधानी रांची के मेन रोड में 10 जून को जुमे की नमाज के बाद हिंसा फैलाने में ईंट-पत्थर का इस्तेमाल करने की योजना बनी थी।ईंट-पत्थर पहुंचाने के लिए कई युवकों को पैसे का लालच दिया गया था।युवकों ने पैसे के लालच में आकर सीमेंट के बोरे में ईंट-पत्थर आदि की व्यवस्था की थी।इसके बाद भीड़ ने पत्थरबाजी की थी।
युवकों को दिए गए थे पांच-पांच हजार रुपए
युवकों को ईंट-पत्थर की व्यवस्था करने के बदले में पांच-पांच हजार रुपए दिए गए थे।इसका खुलासा हिंदपीढ़ी कांड संख्या 79/2022 मामले में जेल में बंद कुर्बान चौक के रहने वाले मो. अमन और निजाम नगर के रहने वाले मो. सेराजुल के खिलाफ पथराव करने, भड़काऊ नारा लगाने समेत अन्य आरोप में दाखिल चार्जशीट में किया गया है।
जांच अधिकारी ने चार्जशीट दाखिल कर दी है
मामले के जांच अधिकारी ने दोनों के खिलाफ जांच पूरी करते हुए सीजेएम कोर्ट में पिछले दिनों चार्जशीट दाखिल कर दी है। स्थानीय पुलिस ने मो.अमन और मो. सेराजुल को बीते 24 अगस्त को गिरफ्तार किया था और दोनों अभी जेल में हैं। दोनों मामले में अप्राथमिक आरोपी हैं। घटना के बाद हिन्दपीढ़ी थाना में पदस्थापित एएसआई अमरनाथ कुमार सोनी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
हिंसा में शामिल आरोपियों ने दिया बयान
ईंट-पत्थर पहुंचा कर भाग गया हिंसा में शामिल आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने समय बयान दिया था। दाखिल चार्जशीट में कहा गया है कि घटना के दिन खेत मोहल्ला निवासी सद्दाम का फोन आरोपियों को आया। उसी के कहने पर ईंट-पत्थर बोरे में भरकर महाबीर मंदिर के पास पहुंचे थे। उसी पत्थर से पत्थर बाजी करने लगा तथा वहां पर उपस्थित भीड़ भी उसी पत्थर से पत्थरबाजी कर रही थी। इसके बाद वे लोग वहां से भाग गए।





