मुजफ्फरनगर।कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोमवार को किसान नेता राकेश टिकैत पर स्याही फेंकने के मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन में खासा रोष है। प्रेस वार्ता के दौरान धक्का-मुक्की के बाद स्याही फेंकी गयी और इसके बाद राकेश टिकैत के समर्थकों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई भी की।इसके बाद कार्यक्रम में जमकर एक दूसरे के ऊपर कुर्सियां चली।घटना के बाद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस की ओर से यहां कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है। ये सब सरकार की मिलीभगत से हुआ है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक राकेश टिकैत पर स्याही फेंकने के बाद उनके समर्थकों ने व्यक्ति को पकड़ लिया।इसके बाद चंद्रशेखर के समर्थक और राकेश टिकैत के समर्थकों में जमकर कुर्सियां चलने लगीं।दोनों तरफ से मारपीट की खबर है।
आपको बता दें कि भारतीय किसान यूनियन उत्तर प्रदेश के महासचिव धीरज लाटियान ने आज सोमवार शाम 5 बजे आपातकालीन बैठक बुलाई है।इस बैठक में सभी पदाधिकारियों और किसान संगठन के नेताओं को पहुंचने के लिए कहा गया है।राकेश टिकैत के गृह जनपद मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी को किसी भी घोषणा के आदेश का पालन करने के लिए तत्पर रहने को कहा गया है।बैठक को लेकर किसान संगठनों खेमों में बैचेनी बहुत बढ़ गई है।





