प्रतिनिधि,साहिबगंज। राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने राजमहल स्थित गंगा घाट, सिंधी दलान, सूर्य देव घाट, रेलवे मैदान आदि का जायज़ा लिया।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने टेंट व पंडाल, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, नदी में लगाए गए बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय आदि की जांच की, जहां उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक एवं उचित निर्देश दिए।





इस क्रम में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि भक्तजनों को कोई असुविधा ना हो, इसका विशेष ध्यान रखें, साथ ही साफ - सफाई का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि शामियाने एवं टेंट को पूरा ढक कर रखें, ताकि श्रद्धालुओं को ठंड में कोई समस्या ना हो। वहीं पुलिस पदाधिकारियों को यातायात से संबंधित भी आवश्यक निर्देश दिया गया।





इस क्रम में उन्होंने रेलवे मैदान का भी निरीक्षण किया, जहां 7 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। वहां की वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने तैयारियों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने एवं सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी राजमहल, अंचलाधिकारी राजमहल, एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट विशाल पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालझारी, साइमन मरांडी, राजमहल क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी, राजमहल नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पार्थो दत्ता एवं अन्य उपस्थित थे।