रांची।झारखंड की राजधानी रांची के बड़े इलाके में रहने वाले तीन लाख से ज्यादा लोगों को बूटी जलागार से टाउन लाइन को जलापूर्ति न होने के कारण नल से जल नहीं मिला।शुक्रवार को पैदा हुई इस समस्या की वजह से परे दिन लोग पानी के लिए परेशान होते रहे।इस भीषण गर्मी में पानी की जरूरत पूरा करने के लिए लोग जार, बाल्टी लेकर इधर-उधर भटकते रहे।बैरहाल जल आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली से भी प्रभावित है।
बूटी सम्प में पानी जमा नहीं होने से बूटी रोड, खेलगांव, टाटीसिलवे, नामकुम, एमईएस, कोकर, लालपुर, थड़पखना, कांटाटोली, बहुबाजार, करबला चौक, पुरुलिया रोड, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन रोड, कडरू, मेन रोड इलाके व पत्थलकुदवा की बड़ी आबादी को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
रुक्का जलशोधन से बूटी जलागार तक बिछी 4 मुख्य पाइप लाइन में से एक में शुक्रवार सुबह 7 बजे मेसरा के पास बड़ा रिसाव हो गया। 33 इंच मोटी पाइपलाइन में लगे एयर वॉल्ब के लीक होने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। सुबह में लीकेजस्थल पर हालत ये थी कि आसपास रहने वाले कई लोग फव्वारे में नहाने का आनंद लेते रहे। कई तो अपने वाहन तक धोने के लिए वहां पहुंच गए।
रातू रोड पाइपलाइन से मोरहाबादी, करमटोली, रातू रोड में पंडरा और ईटकी रोड, हरमू रोड में पुरानी रांची तक नल से जरूरत भर पानी मिला। जिला स्कूल जलमीनार से हिंदपीढ़ी, अपर बाजार आदि जगह रात में पानी मिला।
सूचना पर रुक्का जलापूर्ति प्रमंडल के प्रभारी ईई राधेश्याम रवि पहुंचे।कर्मियों को लीक को ठीक करने में 4 बज गए। जलागार में सम्प के पानी से नहीं भरने की वजह से टाउन लाइन से संबंधित इलाके में जलापूर्ति नहीं हो सकी।





