प्रतिनिधि,पतरातू। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूरे जिले में जहां आदर्श आचार संहिता लागू है वहीं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके इसको लेकर रामगढ़ जिला अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर वाहन की संघन जांच की जा रही है। शुक्रवार को इसी क्रम में रामगढ़ जिला निर्वाचन आयोग व जिला के वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर रामगढ़ जिला के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची जिला के सीमाओं पर पतरातु रांची मुख्य मार्ग स्थित नलकारी पुल के समीप पतरातू थाना एएसआई थाॅमस बारला के नेतृत्व में सशस्त्र बल के हवलदार तेतरा कच्छप, आरक्षी राजकुमार व अन्य सशस्त्र बलों के द्वारा चेकनाका लगाकर दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की चेकिंग और तलाशी के लिए संघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान संयुक्त टीम ने 2 चक्का चार चक्का व अन्य बड़े वाहनों की डिग्गियों व बोनटों को खुलवाकर तलाशी ली और वाहन चालकों से भी चुनावी समय में कोई भी ऐसा सामान जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा हो उसे साथ लेकर ना चलने के लिए कहा गया। अचानक चले चेकिंग व तलाशी अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
इस संबंध में पतरातू थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर उपचुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी ना हो इसको लेकर अभियान चलाकर अवैध अग्नियास्त्र, रुपया, शराब व अन्य चीजों की जांच की जा रही है,ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा सके और किसी तरह का चुनाव में व्यवधान उत्पन्न ना हो।





