प्रतिनिधि,चतरा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय सभा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अबु इमरान ने पदाधिकारियों, कर्मियों को मतदान करने के लिए संकल्प दिलाया। उन्होंने जिलेवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का काफी महत्व है। चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। कहा कि यह दिवस सभी भारत के नागरिकों को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन लोगों को यह बताता है कि हर व्यक्ति के लिए मतदान करना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक का मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है।





उन्होंने समाहरणालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदान करने के लिए संकल्प दिलाया। उन्होंने शपथ दिलाया कि हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते है कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।





मतदाता प्रतिज्ञा के दौरान मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, निदेशक डीआरडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल, जिला भू अर्जन पदाधिकारी गौरांग महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरजमुनि कुमारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक समेत समाहरणालय के अनेक पदाधिकारी,कर्मी उपस्थित थे।समाहरणालय के अलावा चतरा व सिमरिया अनुमंडल कार्यालय समेत जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, सभी प्रखंड/अंचल कार्यालय में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई।