लखनऊ।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर पहुंची।राहुल गांधी ने लाल चौक पर तिरंगा फहराया।इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।राहुल के लाल चौक पर तिरंगा फहराने पर अब भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस भी भाजपा पर गर्व कर रही होगी।भाजपा ने ही आर्टिकल 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर के लोगों को मौलिक अधिकार दिलाए हैं।





डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में जम्मू-कश्मीर में कानून का राज स्थापित हुआ है।अपने शासनकाल में राहुल गांधी को लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का मौका कभी नहीं मिला।भाजपा सरकार ने धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर के लोगों को मौलिक अधिकार दिलाए हैं। उन्होंने कहा कि दस वर्ष तक यूपी में कांग्रेस के शासन के दौरान विकास थमा रहा। भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से आज लोगों को लाभ मिल रहा है।





बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।ये पद यात्रा 14 राज्यों से गुजरते हुए 3970 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में है और अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।लाल चौक पर तिरंगा फहराने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अलग जोश नजर आया।राहुल गांधी के श्रीनगर शहर के ऐतिहासिक लाल चौक पर तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन भी सख्त नजर आया।सुरक्षा-व्यवस्था को देखते हुए लाल चौक को सील कर दिया गया था और आम नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।





बताते चलें कि श्रीनगर के लाल चौक पर साल 1992 में 26 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने भी तिरंगा फहराया था।तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और मुरली मनोहर जोशी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक एक यात्रा निकाली थी।यात्रा का समापन श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने से होना था।उस समय नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के महासचिव थे। 26 जनवरी 1992 को मुरली मनोहर जोशी ने नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर लाल चौक पर झंडा लहरा दिया।उस समय मुरली मनोहर जोशी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे थे।इस समय राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है।कांग्रेस पार्टी का सीधा आरोप है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर खिलवाड़ किया जा रहा है,लेकिन सच्चाई यह भी है कि राहुल गांधी पूरे देश की यात्रा करके कश्मीर पहुंचे हैं। जितनी सुरक्षा राहुल गांधी को कश्मीर में मिली है, उतनी सुरक्षा देश के किसी राज्य में नहीं दी गई।