लंबित दाखिल-खारिज एवं भूमि सीमांकन के मामलों में सभी अंचल में तेजी लाने का उपायुक्त ने दिया निर्देश





जाति/आय/आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने में तेजी लाने के निर्देश





राजस्व पदाधिकारी के न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा





मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना एवं कृषि गणना में तेजी लाने का निर्देश





विशेष संवाददाता





रांची। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में भू-राजस्व से संबंधित कार्यों/ मामलों की समीक्षा की गई। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अपर समाहर्त्ता, रांची, राजेश कुमार बरवार, उप समाहर्त्ता भूमि सुधार राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू,अजय कुमार साव, जिला के सभी अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





बैठक में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा म्यूटेशन की गति में तेजी लाने के लिए सभी अंचल अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने लंबित सक्सेशन म्यूटेशन के मामलों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने अंचलवार भूमि सीमांकन के मामलों की समीक्षा करते हुए सभी अंचलाधिकारियों को लंबित मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।





उपायुक्त द्वारा लंबित जाति/आय/आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया ताकि ससमय आवेदकों को प्रमाण पत्र प्राप्त हो सके।





उपायुक्त द्वारा भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के विभिन्न एजेंसियों को भूमि हस्तांतरण के संबंध में भी तेजी लाने के निर्देश दिये गए ताकि विभिन्न विभागों और हेल्थ सेंटर, टी.ओ.पी.आदि भवनों का निर्माण शुरू कराया जा सके। उपायुक्त द्वारा भूमि हस्तांतरण के लिए जल्द से जल्द भूमि चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया।





उपायुक्त द्वारा विभिन्न स्तर के राजस्व पदाधिकारी के न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गयी। कार्य मे तेजी लाने का निर्देश देते हुए उपायुक्त लंबित मामलों की संख्या में कमी लाने का निर्देश दिया।





मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अहर्त्ताधारी लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। पोर्टल में गैर मजरुआ भूमि का इंद्राज में तेजी लाने के आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी को दिया गया। साथ ही उन्होंने परिशोधन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।