लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमौसी में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के उद्घाटन समारोह में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले माना जाता था कि एयरपोर्ट और हवाई यात्रा एलीट क्लास के लिए होती है। गरीब और अमीर के बीच बहुत बड़ी खाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के माध्यम से पूरी तरह से इस खाई को समाप्त किया है। आज देश का गरीब हवाई यात्रा कर रहा है। एविएशन सेक्टर में तेजी से काम हुआ है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे आज यह 149 हो गए हैं। लखनऊ तेजी से आगे बढ़ रहा है। एयरपोर्ट के विकास को देखकर बहुत खुशी होती है। विश्वस्तरीय रैंकिंग में लखनऊ अपना स्थान बना चुका है। हमने मुश्किल को अवसर में बदलने का काम किया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय था कि बैंकिंग को अमीरों से जोड़कर देखा जाता था। आज प्रधानमंत्री ने इसे मास बैंकिंग कर दिया है। मेरा सौभाग्य है कि मैं उस लखनऊ का सांसद हूं जिसका प्रतिनिधित्व कभी अटल जी ने किया था। सांसद रहते हुए उन्होंने भागीरथ के रूप में विकास की गंगा बहाई थी। उसी को मैं आगे ले जा रहा हूं। आज लखनऊ के भाग्य का उदय हो रहा है।





