लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जिस समय लोग क्रिसमस का जश्न मना रहे थे तो उसी समय एक खूंखार तेंदुआ सड़क पर घूमते हुए घनी आबादी वाले इलाके पहाड़पुर और कल्याणपुर पहुंच गया। तेंदुए को देखते ही लोग दहशत में आ गए।इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की।इस दौरान टीम के एक सदस्य समेत तीन लोगों पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। तेंदुए का वीडियो सामने आया है।

राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र में पहाड़पुर और कल्याणपुर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को देखा गया। तेंदुआ कभी कालोनियों में तो कभी किसी के घर के छत पर बैठा दिखा। सूचना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान वन विभाग को जानकारी मिली की तेंदुआ मोहल्ले के खाली प्लाट में मौजूद है। इसके बाद विभाग ने आसपास के घरों को खाली कराया। रात को जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। इस दौरान वन विभाग की टीम के एक सदस्य सहित तीन लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुए ने सबसे पहले विनीता नाम की महिला पर हमला कर दिया। जब महिला के बेटे ने ईंट मारा तो तेंदुए ने उसे भी घायल कर दिया। इस बीच पुलिस कर्मी ज्ञानेंद्र महिला और युवक को बचाने पहुंचा तो तेंदुए ने पुलिस कर्मी पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। फिलहाल, तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि तेंदुआ अभी पकड़ से दूर है।