झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज क्षेत्र में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर किया गया है।पीड़िता के परिवार के बयान पर हेरहंज थाने में अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बच्ची के पिता ने बताया कि 20 अप्रैल को गोतिया में शादी थी।घर के लोग बच्ची को सुलाकर शादी में गए थे। शादी से वापस आने पर बच्ची दरवाजे के पास खून से लथपथ बेहोश मिली।उस समय लगा कि कोई बाराती या अन्य व्यक्ति उसे अनजाने में कुचल दिया होगा जिस कारण रक्तस्राव हो रहा होगा। सुबह होने पर भी जब खून बहना नहीं रुका तो बच्ची को डाॅक्टर के पास ले गए। डाॅक्टर ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी देकर बच्ची को बाहर ले जाने की सलाह दी।
पीड़िता के पिता ने बताया कि माली हालत ठीक न होने के कारण वह बच्ची को बाहर दिखाने नहीं ले गया। घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का रक्तस्राव बंद नहीं हुआ तब बालूमाथ सीएचसी के डॉक्टरों को दिखाया। उन्होंने गंभीर हालत देखते हुए उसे सदर अस्पताल लातेहार रेफर कर दिया है।





