पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़। झामुमो की स्टार प्रचारक सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा के कारियोडीह आम बागान मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन के कार्यकाल की उपलब्धियां को जनता के बीच गिनाया और एक जून को लोकसभा चुनाव के इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी विजय हांसदा को तीर धनुष पर वोट देने की लोगों से अपील की।इस दौरान मंच पर पूर्व मंत्री सह पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता हेमलाल मुर्मू, महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक दिनेश विलियम मरांडी सहित पार्टी के केंद्रीय समिति के सदस्य और जिले के पदाधिकारी मौजूद थे।
भीषण गर्मी में भी हजारों लोग कल्पना सोरेन का भाषण सुनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि कोरोना काल में हेमंत सोरेन ने झारखंड से बाहर गए रोजगार करने वाले लोगों को हवाई जहाज से मंगाने का काम किया।लोगों के घर पर खाने पीने तक की व्यवस्था की।यहां के लोगों को रोजगार देने की दिशा में काम किया। समाज के हर वर्ग, धर्म, जाती के लोगों को पेंशन योजना से जोड़कर उन्हें आत्म निर्भर बनाने की दिशा में काम किया। पेंशन पाने की उम्र 60 से घटाकर 50 की गई। केंद्र सरकार के द्वारा बार-बार गरीबों के आवास के लिए राशि मांगे जाने के बावजूद भी न देने पर उन्होंने आबूआ आवास योजना से राज्य के 20 लाख लोगों के लिए आवास की स्वीकृति दी है। उन्होंने राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी, बढ़ती लोकप्रियता के कारण केंद्र सरकार घबरा गई और झूठा आरोप लगाकर उन्हें जेल के सलाखों में डाल दिया। अब वक्त आ गया है राज्य की जनता एकजुट होकर भाजपा को मुहतोड़ जवाब दे और एक जून को झारखंड मुक्ति मोर्चा, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी विजय हांसदा को तीर धनुष पर वोट देकर राहुल गांधी के हाथ को मजबूत करने का काम करें।मंच में कल्पना सोरेन बारी बारी से आदिवासी और हिन्दी में अपनी बातो को रख रही थी।
मंच पर उपस्थित पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, लिट्टीपाड़ा विधायक दिनेश मरांडी, महेशपुर विधायक प्रोo स्टीफन मरांडी सहित झामुमो के कई पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थल पर अपनी अपनी बातें रखी। वैसे इस कार्यक्रम में कांग्रेस के लोग कम दिखे,लेकिन कल्पना सोरेन का भाषण सुनने के लिए जनता की भीड़ बहुत थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया था, महिला पुलिस भी मोर्चा को संभाली हुई थी। खुद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन सहित कई थाना के थाना प्रभारी विधि व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।





