जमशेदपुर।बिष्टुपुर साउथ पार्क टीओपी के पीछे बस्ती में रहने वाली वर्षा पटेल हत्याकांड में गुरुवार मामले के अनुसंधानकर्ता एसआई सुंदर सोरेन का जिला जज अनिल कुमार मिश्रा की अदालत में क्रॉस एग्जामिनेशन पूरा हो गया है। क्रॉस एग्जामिनेशन में चाईबासा के अधिवक्ता एस दारिपा और जमशेदपुर के अधिवक्ता अमरेंद्र प्रताप सिंह शामिल थे। दोनों के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब सुंदर सोरेन ने दिया। जिसके बाद अब बचे हुए लोगों की गवाही अदालत में होगी।





बताते चलें कि वर्षा पटेल 12 नवंबर 2021 घर से लापता थी। वहीं जब उसकी बहन 13 नवंबर को घर पर आई तो पड़ोसियों ने कहा कि वह 12 नवंबर को धर्मेंद्र की बाइक पर सवार होकर कहीं गई थी और तभी से घर नहीं लौटी है। 14 नवंबर को भी जब वह घर नहीं लौटी तो एएसआई धर्मेंद्र को फोन किया। जिसपर उसने कहा कि वह जहां भी होगी आ जाएगी। मगर एक सप्ताह बाद 18 नवंबर की सुबह टेल्को थाना अंतर्गत तार कंपनी तालाब से वर्षा का शव बरामद हुआ। इस दौरान बहन जया ने शव की पहचान की थी। शव प्लास्टिक के बोरे में लपेटा हुआ था। उसके गले में सोने की चेन और पीले रंग का शूट पहनी हुई थी। शव से दुर्गंध आ रही थी। साथ ही घटनास्थल पर पुलिस ने पंचनामा पर बहन का हस्ताक्षर भी करवाया था। शव देखकर जया ने कहा था कि मेरी बहन की हत्या एएसआई धर्मेंद्र सिंह ने ही की है।