महराजगंज। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के संदिग्ध सक्रिय सदस्य के पकड़े़ जाने का असर भारत-नेपाल सीमा पर साफ देखने को मिल रहा है।आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर भारत-नेपाल की सभी सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।सोनौली सीमा झुलनीपुर से लगे सीमामवर्ती क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया गया है।सीमा और अन्य नाकों पर निगरानी और जांच तेज कर दी गई है।मुख्य सीमा से लेकर नदी घाटों और पगडंडियों पर जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है और 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।सीमा पर नेपाल से आने वाले हर शख्स की तलाशी के साथ आईडी की जांच की जा रही है।सीमा पर अलर्ट के मद्देनजर एसएसबी के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं।सीमा से जुड़े सभी रास्तों पर गश्त बढ़ा दी गई है। नाइट विजन कैमरे से लैस एसएसबी जवान सुरक्षा में जुटे हुए हैं।
आपको बता दें कि सोनौली सीमा हमेशा से संवेदनशील रही है।इस सीमा पर कई बार आतंकी भी पकड़े गए हैं।इन घटनाओं को देखते हुए सीमा पर एसएसबी के जवान चौकसी बरत रहे हैं।नेपाल से आने वाले यात्रियों की कड़ाई के साथ जांच की जा रही है।शक होने पर आईडी की जांच और नाम-पता नोट कर उन्हें भारत में प्रवेश करने दिया जा रहा है।
एसएसबी के सहायक कमांडेंट ललित मोहन डोभाल ने बताया कि सीमा पर अलर्ट जारी है और सतर्कता बरती जा रही है। आने-जाने वाले यात्रियों की गहनता के साथ जांच की जा रही है। जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।





