पूसू प्रतिनिधि,हज़ारीबाग़।भारतीय जनता पार्टी के हजारीबाग लोकसभा प्रत्याशी मनीष जायसवाल के पक्ष में केरेडारी के कृषि फार्म मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह और संचालन केरेडारी भाजपा मंडल अध्यक्ष कर्मचारी साव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मां अष्टभुजी का मेमोंटो देकर व माला पहनाकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उतर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए।





संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी के दस साल के कार्यकाल तो ट्रेलर है।पूरी फिल्म तो चार जून के बाद दिखाई जाएगी। मैं यहां कमल खिलाने भर नहीं आया हूं विरोधियों की जमानत जब्त कराने आया हूं। भारत का प्रधानमंत्री गरीबों का हितैषी है और आजाद भारत के आज तक के इतिहास में अभी तक ऐसा प्रधानमंत्री कभी नहीं हुआ है, जो 18 घंटे से अधिक गरीबों के लिए,किसानों के लिए, मजदूर के लिए,दलित,आदिवासी और पिछड़ों के लिए दिन रात काम करता है।





केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विरोधी दल के भ्रष्टाचारी नेताओं ने एक ठग बंधन बनाया है।केवल इसलिए ताकि वह गरीबों के मसीहा एक गरीब मां-बाप का बेटा को प्रधानमंत्री के कुर्सी से हटा सके,लेकिन मैं विरोधियों से कहना चाहूंगा कि तुम मोदी को हटाने की योजना बनाते रहो उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने वाली जनता उनके समर्थन में खड़ी है।





केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह जो इंडी गठबंधन और कांग्रेस के भ्रष्टाचारी नेताओं के घर से पैसे मिल रहे हैं।इन सभी पैसों का उपयोग गरीबों की भलाई में लगाया जाएगा। देश को सेवक चाहिए शोषण और भ्रष्टाचार करने वाला नहीं।आप सभी जनता के आशीर्वाद से गरीब मां-बाप का बेटा एक ओबीसी समाज से आने वाला व्यक्ति तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहा है।उन्होंने वादा किया है कि 4 जून के बाद 3 करोड़ गरीबों का घर और बनाया जाएगा और अगले 5 सालों तक मुफ्त में अनाज भी दिया जाता रहेगा।जनता ने तय कर लिया है कि पिछले 70 सालों में गरीबों का हक खाने वाली भ्रष्टाचारी कांग्रेस पार्टी को मौका नहीं देगी।





केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज 56 इंच के सीने वाला देश की रक्षा कर रहा है और इसलिए दुश्मन पड़ोसी देश भी भारत से डर रहे हैं।विरोधी अफवाह फैला रहे हैं कि प्रधानमंत्री संविधान को बदल देंगे,सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि बाबा साहब अंबेडकर का बनाया हुआ संविधान ही हमारे लिए धर्म ग्रंथ है और हम संविधान के साथ कोई बदलाव नहीं करेंगे।





केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस का फार्मूला है देश के खजाने पर पहला हक मुसलमान का है,जबकि मोदी जी का फार्मूला है देश के खजाने पर पहला हक देश के गरीबों का है। कमल फूल पर लक्ष्मी जी विराजमान होती है।देश में खुशहाली लाना है,मोदी जी ने आप लोगों से एक निवेदन किया है कि जितना वोट 2019 में सभी बूथों पर दिए हैं। उसमें 370 वोट और बढ़ाना है।आपके एक वोट से कई आतंकवादी कब्रिस्तान में नजर आएंगे,पीओके भी भारत में आएगा,देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड भी लागू होगा और गरीबों के जीवन से दुख भी दूर होगा।





डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जाते-जाते यह कहा कि आपका प्रत्याशी केवल मनीष जायसवाल ही नहीं,बल्कि नरेंद्र मोदी भी है।इसलिए 20 तारीख को वोट देने जरूर जाएं और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं।





विवेकानंद सिंह ने कहा आप लोग मोदी जी के मन की बात को सुनते हैं।वैसे ही यहां के धरतीपुत्र और यहां के बेटे भाजपा के प्रत्याशी मनीष जायसवाल जी के मन की बात सुनकर उन्हें लोकसभा भेजना है।लोकनाथ महतो ने कहा कि मनीष जायसवाल आपके घर का बेटा है,आपका अपना बेटा है और पिछले 10 सालों में एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने सराहनीय कार्य किया है।





जनसभा को बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि बालेश्वर कुमार, सांसद प्रतिनिधि बद्री नारायण सिंह, मंडल अध्यक्ष कर्मचारी साव समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया।मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, बटेश्वर मेहता,भाजपा मंडल अध्यक्ष कर्मचारी साव,राज्यसभा सांसद खीरू महतो,शिवलाल महतो समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता समर्थक और महिला पुरुष मौजूद थे।