रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद सीए सुमन कुमार से 26 और 27 नवंबर को पूछताछ करेंगे।ईडी ने मनरेगा घोटाले की जांच के दौरान मिले न‌ए तथ्यों के सिलसिले में सीए से पूछताछ करने की अनुमति देने के लिए पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश की अदालत में याचिका दायर की थी।न्यायालय ने ईडी की याचिका पर विचार करने के बाद जेल में दो दिनों के लिए पूछताछ की अनुमति दी है।मनरेगा घोटाले की जांच के दौरान ईडी ने छह मई 2022 को निलंबित आईएएस पूजा सिंघल,सीए सुमन कुमार सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।





ईडी ने सीए सुमन कुमार के सोनाली अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 और 104 के अलावा डंगराटोली स्थित इस्टर्न मॉल में छापेमारी की थी।मॉल के शॉप नंबर-605, 703 और 711-ए में सीए सुमन कुमार सिंह एंड कंपनी का कामकाज चलता है। ईडी ने छापेमारी के दौरान सुमन कुमार के ठिकानों से कुल 19.76 करोड़ रुपए जब्त किए गए थे। शुरुआती पूछताछ के बाद ईडी ने सुमन कुमार को सात मई को गिरफ्तार किया था। कोर्ट से रिमांड लेकर पूछताछ करने के बाद 19 मई को न्यायालय के आदेश के आलोक में जेल भेज दिया।





पूछताछ में सीए ने ईडी को किया गुमराह





ईडी की पूछताछ में पहले तो सीए सुमन कुमार ने बताया कि ये रुपए उसके और उसके मुवक्किलों के हैं।बाद में उसने स्वीकार किया कि जब्त रुपए का एक बड़ा हिस्सा पूजा सिंघल का है। ईडी ने जिला खनन पदाधिकारियों से पूछताछ की। इसमें कई जिला खनन पदाधिकारियों ने सुमन कुमार को रुपए देने की बात स्वीकार की थी।