प्रतिनिधि,चतरा। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कैन्डीनगर स्थित चुआरी मंजराही जंगल में राजपुर बाजार निवासी विष्णु कुमार ब्लाइंड हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हांथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है।
ज्ञात हो कि मामले में मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर राजपुर थाना काण्ड संख्या- 25/23 दिनांक 29.03.23 धारा 302/201/120 (बी0)/34 भादवि दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने उपलब्धि हासिल की। इस आशय की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को छापामारी के क्रम में गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए काण्ड का उद्भेदन किया गया तथा काण्ड में संलिप्त तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। काण्ड में प्रयुक्त खुन लगा चाकु व एक अपराधी बीरेन्द्र भुइयां का खून लगा टीशर्ट व दो मोबाइल बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में राजपुर बाजार का संजीत सोनी,रेहेदाग गांव का रोहित राणा एवं कैन्डीनगर के विरेन्द्र भुइयां का नाम शामिल है। छापामारी दल में पुअनि सह थाना प्रभारी विकास पासवान,पुअनि नन्दन कुमार सिंह,पुअनि दीपनारायण सिंह एवं राजपुर थाना सशस्त्र बल एवं सैट 83 के जवान शामिल थे।





