रांची।झारखंड की राजधानी रांची से चौंकाने वाली खबर है। यहां नामकुम इलाके में रहने वाले जमीन कारोबारी राजेश तिर्की से पीएलएफआई उग्रवादियों के द्वारा मैसेज भेज कर 20 लाख रुपए रंगदारी देने की मांग की है। 20 लाख रुपए नहीं देने पर दो एके 47 रायफल की मांग की गई। पैसा या हथियार नहीं देने पर फौजी कारवाई करने का फरमान जारी किया गया है।घटना अप्रैल महीने की है,लेकिन रंगदारी मांगने का मामला अभी सामने आया है।इसको लेकर राजेश तिर्की ने नामकुम थाना में मामला दर्ज कराया है।मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
व्हाट्सएप पर भेजी गई पर्ची, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि राजेश तिर्की ने कहा है कि उनके व्हाट्सएप पर एक लिखित पर्ची आयी जिसमें लिखा गया था कि लाल सलाम रंजन तिर्की आपको संगठन की तरफ से सूचित किया जाता है कि आप संगठन विस्तार के लिए सहयोग राशि 20 लाख रूपया अथवा दो एके-47 आपको देना है। इसके लिए 72 घंटे का समय दिया जाता है। इस सूचना को अनदेखा या प्रशासन को सूचना करने पर आदेश की अवहेलना मानते हुए आपके ऊपर फौजी कार्रवाई की जाएगी।निवेदक उत्तरी छोटानागपुर संघ जोन कमेटी सदस्य राजेश के द्वारा भेजा गया है।
लगातार मोबाइल मिल रहा है बंद
पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जिस नंबर से रंगदारी की मांग की गई है उस नंबर की जांच की गई,लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया है।अप्रैल माह से मोबाइल लगातार बंद मिल रहा है, लेकिन पुलिस कोशिश कर रही है।शुरुआती जांच में लग रहा है कि किसी ने परेशान करने के लिए कारोबारी को एस एम एस भेजा है।जांच पूरी होने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।





