जमशेदपुर। शहर में मांग के अनुरूप शराब का स्टॉक उपलब्ध नहीं होने पर होटल और बार संचालक सकते में हैं। स्थिति यह है कि होटल और बार संचालकों को उनकी जरुरत के अनुरूप स्टॉक नहीं मिल पा रहा है। जिससे उन्हें कई प्रकार की परेशानी झेलनी पढ़ रही है। वहीं स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जमशेदपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (जेएचआरए) ने इस सम्बन्ध में आवाज बुलंद की है।





एसोसिएशन के अनुसार शहर के सभी होटलों और बार में शराब के स्टॉक में कमी आई है और अब हालात यह है कि दुकानों में व्हिस्की और वोडका के साथ साथ बीयर की भारी कमी देखी जा रही है। शराब की कमी के कारण कई बार भी बंद होने के कगार पर आ गए हैं। दुकानों और बार में व्हिस्की के कुछ ब्रांड तो मिल भी जा रहे हैं। मगर ठंड के इस मौसम में वाइन व्हिस्की की भारी किल्लत ने दुकानदारों के साथ साथ बार संचालकों की जैसे कमर ही तोड़ दी है। इससे पूर्व कोविड की वजह से होटलों और बार मालिकों पहले भी मंदी की मार झेल चुके हैं। अब हालात सुधर रहे हैं तो ऐसे में स्टॉक की कमी परेशानी का सबब बन गई है। ठंड के मौसम में विस्की की भारी डिमांड रहती है। मगर स्टॉक नहीं रहने से उन्हें धंधा चलाना मुश्किल हो गया है।





एसोसिएशन के मुताबिक इस वजह से सरकार के राजस्व में भी भारी कमी आ रही है। व्हिस्की और बीयर पीने के शौकीनों को उनकी पसंद का ब्रांड नहीं मिल पा रहा है। उम्मीद जताई जा रही थी कि नई व्यवस्था लागू होने पर हालत सुधरेंगे, लेकिन मौजूदा हालात पहले से भी खराब हो गई है।





जमशेदपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अधिकारियों ने बताया कि माल लेने के लिए होटल और बार को दुकानों के साथ टैग कर दिया गया है। जिसके कारण बार और होटल संचालक को उसी दुकान से माल उठाना पड़ता है। जिस दुकान से उन्हें टैग किया गया है। मगर समस्या यह नहीं है। बल्कि यह है कि जब दुकानों में ही व्हिस्की और बीयर का स्टॉक नहीं है तो बार और होटल तक माल कैसे पहुंचेगा। वहीं एसोसिएशन ने इस दिशा में जल्द कुछ ठोस कदम उठाने की मांग भी की है।