रांची। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन संत जोसेफ हाईस्कूल कांके के तत्वावधान में कांके रिसोर्ट में 1979 बैच के पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने परिवार के साथ भाग लिया।कार्यक्रम के सबसे प्रारम्भ में प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आदर प्रकट किया और दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।





इस कार्यक्रम में बोलते हुए भाजपा नेता अधिवक्ता एवं ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन संत जोसेफ हाईस्कूल कांके के सदस्य डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने कहा कि देश के लिए शहादत और अपना सर्वोच्च बलिदान देने से लेकर देश और झारखंड के नवनिर्माण तक संत जोसेफ हाईस्कूल के छात्रों की भूमिका है। उन्होंने कहा कि ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन संत जोसेफ हाईस्कूल कांके उसी भावना के उन्नयन, प्रोत्साहन और संवर्धन के प्रति समर्पित है। कारगिल युद्ध के नायक शहीद नागेश्वर महतो के सर्वोच्च बलिदान की चर्चा करते हुए डॉ. प्रो आशीष चक्रवर्ती ने कहा कि देशहित में चाहे बलिदान की बात हो या अपना उत्कृष्ट योगदान देने की संत जोसेफ हाईस्कूल कांके के छात्र कभी भी पीछे नहीं हटेंगे।





इस एलुमिनी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए राजेश जायसवाल ने कहा कि संत जोसेफ हाईस्कूल कांके के छात्रों की सबसे महत्वपूर्ण बात यही है कि शुरुआत से लेकर अबतक सभी छात्र एक-दूसरे के साथ गहराई से जुड़े हैं और आपस में परस्पर सहयोग करने के साथ ही एक-दूसरे को जीवन की दौड़ में आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।





इस अवसर पर अपनी बात रखते हुए मो.असलम ने कहा कि एलुमिनी कार्यक्रम ने सभी का आत्मविश्वास बढ़ाया है और सभी को पूर्ण विश्वास है कि वे सभी अब और भी अधिक ऊर्जा के साथ अपने जीवन क्षेत्र में काम करेंगे।





एलुमिनी कार्यक्रम में विशेष रूप से 1979 बैच के सभी छात्रों ने अपनी बातें रखी। इस अवसर पर सोमनाथ मित्रा ने कहा कि प्रेरणा और सहयोग सभी का मूल मंत्र है और सभी पूर्ववर्ती छात्र एक-दूसरे का वैसा ही सहयोग करते रहेंगे जैसा अभी तक का इतिहास और कीर्तिमान है।





कार्यक्रम में संत जोसेफ हाईस्कूल के पूर्ववर्ती छात्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में डॉ प्रणव कुमार बब्बू,अनिल कुमार केशरी,राजेश केसरी, अनिल प्रसाद, संजय सरावगी, सोमनाथ मित्रा, डॉ.आशीष चक्रवर्ती, राजेश केशरी, अनिल प्रसाद, कोलेश्वर महतो, डॉ. अनिल, मो. असलम, तरुण कुमार ठाकुर, प्रसून कुमार, असीम बी तिग्गा, अनिल केशरी कौलेश्वर महतो, ओम प्रकाश ओझा सहित अनेक पूर्ववर्ती छात्र अपने परिवार के साथ शामिल हुए, जिन्होंने देश-दुनिया में झारखंड और देश का नाम रोशन रखने के साथ-साथ संत जोसेफ हाईस्कूल कांके को भी प्रसिद्धि दिलवाई है।





कार्यक्रम में यह सहमति बनी कि प्रत्येक वर्ष संत जोसेफ हाईस्कूल की दसवीं परीक्षा में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन संत जोसेफ हाईस्कूल कांके द्वारा सम्मानित किया जायेगा। साथ ही समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों और मिलन समारोह के आयोजन पर भी सहमति बनी।





इस एलुमिनी के मौके पर संत जोसेफ हाईस्कूल के सभी पुराने दोस्तों ने रंगारंग कार्यक्रम का लुत्फ उठाया और यह संकल्प लिया की आने वाले समय मे वे निरंतर देश और झारखंड के हित में कार्य करते रहेंगे । इसी संकल्प के साथ 2024 मे देशहित के नए मिशन में संत जॉसेफ स्कूल के 1979 बैच के सभी छात्र निकल गए।