वरीय संवाददाता,रांची।श्री माहेश्वरी सभा रांची द्वारा 5156 वां माहेश्वरी वंशोत्पत्ति महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत माहेश्वरी समाज ने अपनी बहुओं के सम्मान में एक नए कार्यक्रम आशीर्वाद की शुरुआत की।इस कार्यक्रम में समाज के नवदंपत्ति को समाज के लोगों ने आशीर्वाद प्रदान किया तथा भेंट स्वरूप एक सर्टिफिकेट तथा शिव परिवार की फ्रेम युक्त फोटो प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक अशोक साबू ने टैग लाइन हमारी बहू, हमारा अभिमान के साथ विषय प्रवेश कराया तथा इस नए कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम इसलिए भी अपने में अनोखा है,क्योंकि इसमें नव दंपत्ति का परिचय समाज से समाज की अन्य बहुओं ने ही कराया। उन्होंने बताया कि जब एक कुंवारी लड़की विवाह के बाद बहू बनती है तो वह लक्ष्मी ,अन्नपूर्णा ,वात्सल्य की माता स्कंधा देवी, सरस्वती तथा दुर्गा इन रूपों को एक साथ अपने में समाहित कर लेती है।समाज की सृजनकर्ता के साथ समाज में साक्षरता एवं संस्कार डालने का दायित्व भी इसी पर है।नव वधु का समाज के सदस्यों से परिचय एवं उनकी योग्यता की जानकारी होते होते कई वर्ष लग जाते हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से बहुओं ने अपने ससुराल तथा मायके दोनों के द्वारा उनको जो प्यार एवं स्नेह मिल रहा है उसकी जानकारी दी।विशेष रुप से उन्होंने यह बताया कि विवाह के पश्चात ससुराल में सासू मां एवं अन्य सदस्यों ने उन्हें कितने प्यार से संभाला और उनको संवरने तथा उनकी रूचि के अनुसार अपना कार्य करने में किस तरह से परिवार के एक-एक सदस्य ने समर्थन एवं सहायता दी।बहुओं ने यह भी जानकारी दी इस समय जब हम पारिवारिक हिंसा तथा सास बहू के बीच में मतभेद की बातें अक्सर सुनते रहते हैं, ऐसे में इस समाज में व्याप्त पारिवारिक स्नेह एवं प्यार की मिसाल अद्भुत है।
कार्यक्रम के संचालन में निधि बियानी, सुमन बाहेती, रितिका सारडा, खुशबू साबू का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन निधि बियानी एवं सुमन बाहेती ने संयुक्त रूप से किया तथा अन्य कार्यक्रमों के लिए रितिका सारडा एवं खुशबू साबू का विशेष योगदान रहा। इन बहुओं ने भी अपना परिचय दिया तथा यह कहा कि काश ऐसे कार्यक्रम उनके समय भी होता।
नव दंपति के रूप में मोहित लखोटिया संग शीतल काबरा लखोटिया तथा गौरव फलोड़ संग नूपुर लाहोटी फलोड़ को कुमकुम का टीका लगाया गया।इसके पश्चात मोतियों की माला पहनाई गई तथा समाज की तरफ से एक सर्टिफिकेट तथा शिव परिवार की फ्रेम युक्त फोटो दी गई।आशीर्वाद बैनर के अंतर्गत यह कार्य प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार मारू तथा समाज के वरिष्ठ सदस्य भरत महेश्वरी के द्वारा किया गया। राजकुमार मारू ने अपने आशीष वचन में बताया कि शिव परिवार में एक दूसरे के विरोधी सदस्य भी एक साथ इस परिवार में मिलजुल कर तथा भाईचारा के साथ रहते हैं। जैसे मोर और नाग,नाग और चूहा, सिंह और बैल।
दोनों नववधू शीतल काबरा लखोटिया कुचामन सिटी,राजस्थान के संगीता गोवर्धन लाल जी काबरा की सुपुत्री तथा नूपुर लाहोटी फलोड़ जयपुर,राजस्थान के रेखा अशोक लाहोटी की सुपुत्री ने अपना अपना परिचय भी दिया तथा समाज के सदस्यों को अपनी योग्यता तथा रुचि से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सभा की तीनों शाखाओं के अध्यक्ष किशन कुमार साबू , भारती चितलांगिया तथा विनय मंत्री ने सभागार में आए समाज के सदस्यों का स्वागत किया।धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश के कोषाध्यक्ष शिव शंकर साबू ने किया। कार्यक्रम में नरेंद्र लखोटिया, विमला फलोड़, हेमंत महेश्वरी, जयकिशन गट्टानी श्रीप्रकाश साबू, संगीता चितलांगिया, सुमन चितलांगिया रेनू फलोड़, कुमुद लखोटिया रश्मि मालपानी, महोत्सव मुख्य संयोजक अंकुर डागा उपस्थित थे।





