प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पालगंज के बरही टोला में एक पुत्र ने अपनी मां की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दिया। बीती रात को घटना के दूसरे दिन मंगलवार की अहले सुबह जांच के लिए पहुंची पुलिस के सामने बेटे ने अपने जुर्म को कबूलते हुए समर्पण कर दिया। इस दौरान पुलिस ने उस कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया, जिससे आरोपी पुत्र प्रदीप साव ने अपनी मां मीना देवी की देर रात करीब 12 बजे हत्या कर दी थी।





पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदि था और अक्सर मां से शराब पीने के लिए पैसे की मांग करता रहता था।वह शादीशुदा और दो बच्चो का पिता है। इधर सुबह ग्रामीणों की सूचना पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस ने मृतका मीना देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





बताया जाता है कि आरोपी का पिता और मृतका के पति मदन तेली सीसीएलकर्मी है। सोमवार की रात भी वह ड्यूटी के लिए गिरिडीह कोलियरी चला गए थे।जबकि मृतका का दूसरा पुत्र संदीप साहू भी घर से बाहर था।आरोपी की पत्नी अपने बच्चो को लेकर पिछले तीन दिनों से मायके में थी।इस क्रम में देर रात आरोपी पुत्र शराब के नशे में घर लौटा और मां से पैसे की मांग करने लगा। जब मां मीना देवी ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो सनकी पुत्र ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर मां की हत्या कर दी। देर रात हुए घटना के बाद जब स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि मीना देवी का शव घर के बाहर सड़क पर पड़ा है तो ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिया। देर रात ही पीरटांड़ थाना पुलिस जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। वहीं दूसरे दिन सुबह जब डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार और पीरटांड़ थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पालगंज पहुंचे,तो आरोपी प्रदीप पुलिस के सामने आया और अपना जुर्म कबूलते हुए पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।