जलमीनार प्रतिनिधि,पिपरवार (चतरा)। पिपरवर कोयलांचल क्षेत्र के बेंती पंचायत के अंतर्गत आने वाले शिव मंदिर परिसर में लाखों रुपए की लागत से लगाया गया जलमीनार सफेद हाथी साबित हो रहा है। जलमीनार लगाए जाने के बाद से अभी तक एक बूंद पानी भी इस जल मीनार से नहीं निकल पाया है,जिसके कारण मंदिर में पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।इतना ही नहीं मंदिर की चारदीवारी के बाहर राहगीरों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस जलमीनार के नीचे नल भी लगाया गया था,जिसका कोई लाभ राहगीरों को नहीं मिल पा रहा है।
इस मामले को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों के द्वारा टंडवा प्रखंड मुख्यालय में कई बार शिकायत की गई,लेकिन इस ओर कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। तपती गर्मी और तेज धूप के समय में मंदिर में पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को जल नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी होती है। श्रद्धालुओं को बगल के कुआं से पूजा करने के लिए जल लेना पड़ता है।पंचायत के सदस्यों ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से और प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता पूर्वक विचार विमर्श करने की अपील की है।





