प्रतिनिधि, रजरप्पा। सी.सी.एल.रजरप्पा क्षेत्र स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलवार को कक्षा एकादश के छात्रों द्वारा कक्षा द्वादश के भैया-बहन, जो 2023 के सी. बी.एस. ई. की बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे उनके लिए दीक्षा सह विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबन्ध समिति के उपाध्यक्ष सुनिल सिन्हा, चंद्रशेखर चौधरी सह सचिव सुधाकर सिंह , कोषाध्यक्ष आशीष झा,प्राचार्य उमेश प्रसाद के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।





छात्रों को अपने संबोधन में प्राचार्य ने विद्यालय में मिले शिक्षा एवं संस्कार को आत्मसात करने की सीख दी।सहसचिव सुधाकर सिंह ने शिक्षाप्रद श्लोकों के माध्यम से कठिन परिस्थितियों में भी न घबराने तथा उसका मुकाबला करने को कहा।सुनील सिन्हा ने एकाग्र भाव से व्यवस्थित दिनचर्या रखकर निकट परीक्षा की तैयारी में लगने की बात कही।वहीं आशीष झा ने परीक्षा में सफलता के सूत्र बताए।





चन्द्रशेखर चौधरी ने अपने आशीर्वचन में प्रेरक पंक्तियां आसमान की बुलंदियों पर नाम हो आपका,चांद और धरती पर मुकाम हो आपका को स्पर्श करते हुए कहा कि आप निरन्तर जीवन में प्रगति की ऊंचाइयों को स्पर्श करें। सबों ने भैया-बहनों को सफल जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देते हुए कठिन परिश्रम करने, आत्मबल को ऊंचा रखते हुए एकाग्र भाव से अध्ययन करने , जीवन में एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने,गुरुजनों की सीख,संस्कार एवं संस्कृति को कभी न भूलने का संदेश दिया।





इस अवसर पर कक्षा एकादश की ओर से द्वादश के छात्रों के लिए कई मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। बहनों ने विदाई गीत गाकर पल को भावुक बना दी। द्वादश की बहन कुमकुम ने विद्यालय में बिताए पलों को याद करते हुए अनुभव को साझा की। द्वादश के कक्षाचार्य राकेश कुमार सहाय ने सफल जीवन के सूत्रों की विवेचना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। कक्षा एकादश की ओर से द्वादश के भैया-बहनों को उपहार भी दिए गए तथा सामूहिक जलपान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि परिचय आचार्य बचुलाल तिवारी तथा संचालन गायत्री कुमारी के द्वारा किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य- आचार्या उपस्थित थे।