खरसावां।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खरसावां जिले के सरायकेला में शनिवार को बिरसा स्टेडियम में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।सीएम सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने राज्य के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है।झारखंड के मूलवासियों-आदिवासियों को सशक्त पहचान देने के लिए 1932 का खतियान और सरना धर्म कोड को लागू किया गया है।सरकार ने दोनों विधेयक को विधानसभा से पारित करवाकर नौवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार को भेजा है, ताकि यहां के ओबीसी को आरक्षण, मूलवासियों-आदिवासियों को 1932 की पहचान और सरना धर्म कोड मिल सके।





हक व अधिकार दिलाने के लिए कार्य कर रही सरकार





सीएम सोरेन ने कहा कि ये कार्यक्रम पिछले 23 दिनों से चल रहा है।गांव में हक़ व अधिकार दिलाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।सीएम सोरेन ने कहा कि तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद प्रयास रहता है जिस कार्य को शुरू करते हैं तब तक नहीं रुके, जब तक मंजिल तक नहीं पहुंचे। पहले जहां जाने से पदाधिकारी कतराते थे आज वहां अफसर जा रहे हैं। बिचौलियागीरी खत्म हो गयी है। 60 वर्ष के साथ लोगों को पेंशन दी जा रही है। यहां के आदिवासी, मूलवासी को देखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं।ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तभी राज्य मजबूत हो सकता है।





युवाओं को नौकरी दे रही सरकार





सीएम सोरेन ने कहा कि पहले लोन के लिए बैंक का चक्कर काटते-काटते थक जाते थे।अब सरकार लोन दे रही है और इसके साथ ही 40 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है।सीएम सोरेन ने कहा कि सावित्री बाई फुले योजना लायी गयी है।प्राइवेट स्कूल से भी बढ़िया स्कूल बना कर देंगे।जेपीएससी से नियुक्तियां हो रही हैं,नौकरी दी जा रही है। सीएम सोरेन ने कहा कि 11 नवंबर 1908 में सीएनटी कानून लागू हुआ था 11 नवंबर को 1932 का खतियान लागू किया गया।





सजग रहें, ताकि अधिकार मिल सके





सीएम सोरेन ने कहा कि भाजपा के पास मुद्दा नहीं बचा है। 22 दिनों में 45 लाख आवेदन मिले हैं। पुरानी समस्याओं का समाधान हो रहा है और बाद में भी यह चलेगा। सीएम सोरेन ने कहा कि कुछ लोग दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।डबल इंजन की सरकार ने लूटने का काम किया है।आप सजग रहें, ताकि अपने अधिकार को ले सकें।





भेंट की गयी टोपी व पेंटिंग





आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, सत्यानंद भोक्ता, विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, आयुक्त मनोज कुमार, डीआईजी अजय लिंडा, उपायुक्त अरवा राजकमल, एसपी आनंद प्रकाश समेत अन्य मौजूद थे। सीएम सोरेन व अन्य मंत्रियों को नीमडीह के ग्रामीणों द्वारा खजूर के पत्ते और घास से तैयार की गयी टोपी भेंट की गई।वरिष्ठ अधिकारी सुबोध कुमार द्वारा बनायी गयी पेंटिंग सीएम को भेंट की गयी।





आपको बता दें कि सरायकेला में न‌ए अनुमण्डलीय कार्यालय भवन, मॉडल डिग्री कॉलेज खरसावां और मॉडल डिग्री कॉलेज की सौगात दी गयी।सरायकेला प्रखंड के साहेबगंज गांव में 100 बेड के अस्पताल के निर्माण की घोषणा की गयी। 187 योजनाओं का शिलान्यास, 124 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। 63,856 लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण हुआ।कुल 1066.81 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं परिसंपत्ति का वितरण किया गया।