पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर शहर मे मुख्य फव्वारा चौक के जामा मस्जिद पर शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज के बाद युवकों द्वारा हंगामे की खबर है।सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर रोके जाने पर गुस्साए युवकों ने लगभग आधा घंटा तक अल्लाह हू अकबर के नारा लगाया।इस दौरान पुलिस से युवकों की जमकर नोकझोंक भी हुई।





प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहर की जामा मस्जिद पर अलविदा जुमे की नमाज के लिए लोग इकट्ठा हुए थे। नमाज होने के बाद कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया।इस दौरान युवकों ने अल्लाह हू अकबर का नारा लगाना शुरू कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और युवकों से बात की।इस दौरान कुछ युवकों की पुलिस से जमकर नोकझोंक भी हुई।मौके पर नगर कोतवाली के अलावा आरएएफ और पीएसी बल भी तैनात किया गया।आसपास के थानों से पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया।लगभग आधा घंटा तक युवकों ने जमकर हंगामा किया और अल्लाह हू अकबर का नारा लगाते रहे।पुलिस ने युवकों को वहां से हटाया तो युवक चौकी सराय की तरफ चले गए और वहां भी हंगामा और नारेबाजी की।





हंगामे का पता चलते ही तुरंत जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर मौके पर पहुंचे।हंगामा कर रहे युवकों को समझाकर मामला शांत कराया।जामा मस्जिद के बाहर युवकों द्वारा हंगामा करने का पता लगते ही पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और आसपास के व्यापारियों में भी भय का माहौल बन गया।शहर में अफवाह फैल गई कि जामा मस्जिद के बाहर बवाल हो गया है।इससे बाजारों से लोग अपने-अपने घरों को जाने लगे।आसपास की कुछ दुकानों का शटर भी गिर गया।





जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलाना मौलवी फरीद का कहना है कि कुछ युवकों ने हंगामा किया था।अलविदा जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हो गई है।उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।





एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि शहर की जामा मस्जिद पर अलविदा जुमे की नमाज के बाद लौट रहे कुछ युवकों ने मीडियाकर्मियों द्वारा सवाल किए गए जिसके जवाब में युवकों ने हल्ला गुल्ला करना शुरू कर दिया। इसके बाद नारे लगाने शुरू कर दिए।आधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है,जिन मीडियाकर्मियों ने भ्रामक और अफवाहपूर्ण सवाल किए गए हैं उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।