पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी ने शनिवार को टी06- टी03 डुमरी गिरिडीह पथ से बड़कीबेरगी भाया अतकी,फतेहपुर,ढिबरा,मंझलाडीह तक 12.3 किलोमीटर पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास नारियल फोड़कर किया।निर्माण कार्य की प्राक्कलन राशि 10 करोड़ है।





शिलान्यास कार्यक्रम के बाद एक सभा की गई,जिसमें उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते सांसद ने कहा कि इस पथ का शिलान्यास होने के साथ ही ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई।कहा कि सड़क पूरी गुणवत्ता के साथ बनायी जाएगी और 15 सालों तक इसकी मरम्मती की आवश्यकता नहीं होगी।उन्होंने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र में अब तक 2 हजार किलोमीटर तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क बना चुके हैं और अभी एक हजार किलोमीटर सड़क और बनाने का लक्ष्य है।कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्य में संचालित विकास योजनाओं से राज्य सरकार घबरा गयी है और उन योजनाओं को शिथिल करने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन लोग सब समझ रहे हैं।कहा कि चाहे सड़क निर्माण कार्य हो चाहे हर घर नल जल योजना हो पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है।





कहा कि डुमरी में केन्द्रीय विद्यालय का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है।जबकि उसकी पढ़ाई इसी सत्र से वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर केबी उच्च विद्यालय में प्रारंभ होगी।कहा कि राज्य सरकार सिर्फ घोषणाओं की सरकार है।चार साल बीतने को है, लेकिन जितनी भी घोषणाएं राज्य सरकार ने किया था उनमें से कोई भी घोषणा धरातल पर नहीं उतारी है।कहा कि 60:40 नियोजन नीति के बहाने राज्य सरकार बाहरियों को नौकरी देने में लगी है।कहा कि राज्य में बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार चरम पर है,लेकिन राज्य सरकार विकास विकास का खोखला ढिंढोरा पीट रही,विद्यालयों में शिक्षक नहीं है,तो बच्चे कैसी शिक्षा ग्रहण करते होंगे वह समझ सकते हैं।





इस दौरान डुमरी जिप सदस्य प्रदीप मंडल,विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी,जिप सदस्य बैजनाथ महतो,जिप सदस्य टिकैत महतो, बोकारो मुखिया संघ के अध्यक्ष जयलाल महतो,जौली आदि ने भी लोगों को सम्बोधित किया।मौके पर दीपक महतो,शंभूनाथ महतो,दयानन्द सिंह,पप्पू कुमार पंसस सुरेश शर्मा,अजीत सिंह आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।