जमशेदपुर।शहरी क्षेत्र में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति अंतर्गत आने वाले विभिन्न मामलों को लेकर मंगलवार सांसद प्रतिनिधिमंडल ने विशेष पदाधिकारी संजय कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान अक्षेस के अंतर्गत आने वाले जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा के विभिन्न विकास कार्यों, नागरिक सुविधा, शहरी परिवहन आदि से संबंधित योजनाओं और उनकी वर्तमान स्थिति पर चर्चा के साथ-साथ समीक्षा भी की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष पदाधिकारी से आग्रह करते हुए कहा कि कई ऐसी योजनाएं हैं, जिनका कार्य काफी समय से लंबित है और उन्हें यथाशीघ्र संपन्न कराया जाए। साथ ही नए योजनाओं को लेने पर भी चर्चा हुई। जिसके बाद विशेष पदाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों के कनीय अभियंताओं को इस बावत निर्देश भी दिया। विकास योजनाओं के अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों में साफ-सफाई की स्थिति पर भी चर्चा की गई और उन्हें बेहतर करने पर जोर दिया गया। जबकि 15 वें वित्त आयोग के तहत चलने वाली विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी भी ली।वार्ता के क्रम में मानगो बस स्टैंड के बंदोबस्ती के संबंध में भी चर्चा हुई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विशेष पदाधिकारी ने कहा कि इसका टेंडर निकाला गया है और यथाशीघ्र इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। अक्षेस के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सामुदायिक भवनों के रखरखाव एवं उनकी समुचित उपयोग के संबंध में भी चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर लोकसभा सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर मिश्रा और जमशेदपुर पश्चिमी के सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा मौजूद थे।





