प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिस्टुपुर थाना अंतर्गत साकची रेड क्रॉस भवन के पास गुरुवार की दोपहर लगभग 12 बजे डीसी ऑफिस की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी।इसके बाद अनियंत्रित होकर चालक ने पैदल चल रही महिला और खड़ी हुई कार को भी ठोक दिया। घटना को अंजाम देकर चालक गरम नाला राजेंद्र विद्यालय की तरफ फरार हो गया।





कोर्ट जा रहे बाइक सवार बिस्टुपुर रामदास भट्टा निवासी सोनू खान के सर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है और पैदल जा रही महिला को भी अंदरूनी चोट आई है। घटना में सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार जेएच 05 सीजे - 6546 के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है।





मामले में स्थानीय लोगों ने बताया कि बैगनी रंग की कार संख्या 8405 काफी तेज रफ्तार से आई और सड़क के दूसरे छोर में जाकर बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी,जिससे बाइक सवार फेंका गया।इसके बाद चालक ने महिला और वहां खड़ी कार को भी टक्कर मार दी। घटना के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ भी लग गई थी। इस दौरान महिला ऑटो से इलाज कराने के लिए चली गई। जबकि बाइक सवार ने फोन कर अपने परिचित को बुलाया था। घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल थाने में घटना की लिखित शिकायत नहीं की गई है।